सर्च करे
Home

Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Copper Price Crash: कॉपर बनेगा अगला सोना? 2 महीने में ₹408 सस्ता, खरीदें या नहीं और टारगेट क्या? 7 सवालों में जानें

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 07:26 PM (IST)

    Copper Target Price 2026: तांबे की कीमतों में हालिया गिरावट ने निवेशकों को चिंतित किया है। कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता से 7 सवालों में समझें आपके मन ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    Copper Price Crash: कॉपर बनेगा अगला सोना? 2 महीने में ₹408 सस्ता, खरीदें या नहीं और टारगेट क्या? 7 सवालों में सबकुछ

    नई दिल्ली| सोने और चांदी की चमक के बीच पिछले कुछ समय में जिस एक मेटल ने निवेशकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा, वो है- कॉपर यानी तांबा। एक समय था जब कॉपर की कीमतों में ऐसी तूफानी तेजी आई कि बाजार में चर्चा शुरू हो गई कि क्या कॉपर अगला गोल्ड बनेगा? इंडस्ट्री में इसकी बढ़ती मांग और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर में इसके इस्तेमाल ने इसे 'नया सोना' बना दिया था।

    लेकिन, हालिया गिरावट (Copper Price Crash) ने निवेशकों को चिंता में डाल दिया है। क्या कॉपर के दाम अभी और गिरेंगे या यह बाउंस बैक करेगा? इसका टारगेट प्राइस क्या है और क्या यह पैसा लगाने का सही समय है?

    जागरण बिजनेस के खास शो 'प्रॉफिट की मंडी' में कुछ ऐसे ही सवालों के जवाब दिए कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता ने (Anuj Gupta Copper Prediction)। आइए इस खबर में 7 सवालों में जानते हैं कॉपर में निवेश की पूरी कहानी।

    सवाल 1: क्या कॉपर वाकई में 'अगला गोल्ड' बनने की काबिलियत रखता है?

    जवाबः देखिए, कॉपर को 'इंडस्ट्रियल गोल्ड' कहा जाता है। इसमें कोई शक नहीं कि लॉन्ग टर्म में यह बहुत अट्रैक्टिव है। 29 जनवरी को जब इसने 1550 प्लस का अपना ऑल टाइम हाई छुआ था, तब लोगों को लगा कि यह सोने की तरह ही रिटर्न देगा।

    हालांकि, मौजूदा समय में युद्ध (War) और कमजोर वैश्विक डिमांड की वजह से इसमें गिरावट आई है। लेकिन फंडामेंटल्स बताते हैं कि जैसे ही इकोनॉमी की रफ्तार सुधरेगी, इसकी चमक फिर लौटेगी। यह गोल्ड की तरह सुरक्षित निवेश तो नहीं, लेकिन इंडस्ट्रियल ग्रोथ का सबसे बड़ा खिलाड़ी जरूर है।

    सवाल 2: इस समय कॉपर की कीमतों पर दबाव क्यों दिख रहा है?

    जवाबः कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह डिमांड का कमजोर होना है। युद्ध के हालातों के चलते इंडस्ट्रियल डिमांड लगभग ठप सी हो गई है। इंपोर्ट-एक्सपोर्ट और शिपमेंट्स प्रभावित होने के कारण LME (लंदन मेटल एक्सचेंज) पर कॉपर की इन्वेंटरी यानी स्टॉक करीब 10 साल के हाई पर पहुंच गया है। जब स्टॉक ज्यादा होता है और खरीदार कम, तो कीमतों पर दबाव आना स्वाभाविक है। इसी वजह से शॉर्ट टर्म में हमें इसमें करेक्शन देखने को मिल रहा है।

    सवाल 3: इंडस्ट्री में कॉपर की कितनी डिमांड है और आने वाले दिनों में यह कितनी बढ़ेगी?

    जवाबः वर्तमान में इंडस्ट्रियल डिमांड भले ही सुस्त दिख रही हो, लेकिन भविष्य कॉपर का ही है। रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल और इंफ्रास्ट्रक्चर में कॉपर का कोई विकल्प नहीं है। अभी युद्ध की वजह से मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर थोड़ा धीमा है, लेकिन जैसे ही जियो-पॉलिटिकल तनाव कम होगा, कॉपर की डिमांड में भारी उछाल आएगा। आने वाले 5-10 सालों में कॉपर की खपत मौजूदा स्तर से कहीं ज्यादा होने वाली है।

    देखेंं पूरा वीडियो- Gold Silver और Copper Price पर अनुज गुप्ता की चेतावनी, क्रूड ऑयल कैसे डालेगा असर? | Profit Ki Mandi

    सवाल 4: कॉपर के दाम अभी और गिरेंगे या अब बढ़ने की उम्मीद है?

    जवाबः शॉर्ट टर्म में अभी थोड़ा और प्रेशर दिख सकता है। जब तक युद्ध को लेकर कोई स्पष्ट क्लेरिटी नहीं आती, तब तक बाजार में अस्थिरता बनी रहेगी। फिलहाल डिमांड खत्म होती दिखाई दे रही है, जिसका असर सिर्फ कॉपर ही नहीं बल्कि चांदी पर भी पड़ा है। निवेशकों को अभी थोड़ा इंतजार करना चाहिए। अगर युद्ध खत्म होने की खबरें आती हैं या तनाव कम होता है, तो वह सही समय होगा जब कीमतें तेजी से रिकवर करेंगी।

    सवाल 5: कॉपर का सबसे निचला स्तर और हाई लेवल टारगेट क्या है?

    जवाबः अगर हम नीचे के स्तर (Support) की बात करें, तो 1020 रुपए के आसपास एक बहुत मजबूत सपोर्ट है। हालांकि, 1050 के स्तर पर आते ही अक्सर शार्प रिकवरी देखी जाती है। अधिकतम गिरावट 1020 तक जा सकती है। वहीं, ऊपर की तरफ (Resistance) मेरा मानना है कि यह 1180 से 1200 रुपए की रेंज में जा सकता है। फिलहाल कॉपर की जो ट्रेडिंग रेंज दिख रही है, वह 1020 से 1200 रुपए के बीच रह सकती है।

    सवाल 6: जो निवेशक हाई लेवल पर खरीदकर फंसे हुए हैं, उनके लिए क्या सलाह है?

    जवाबः बहुत से लोगों ने FOMO (छूट जाने का डर) के चक्कर में 1400 के ऊंचे स्तरों पर खरीदारी कर ली थी और अब वे घाटे में हैं। ऐसे निवेशकों को मेरा सुझाव है कि वे पैनिक में आकर अपनी पोजीशन न काटें। बाजार में अचानक आए बदलावों ने परिभाषा बदल दी है। अब आपको 'वेट एंड वॉच' की नीति अपनानी चाहिए। अगर आप और निवेश करना चाहते हैं, तो सारा पैसा एक साथ न डालें, बल्कि धीरे-धीरे एक्यूमुलेट करें।

    यह भी पढ़ें- Gold Silver Price Crash: शादी के लिए गहने अभी लें या रुकें? कितना और गिरेगा सोना, टारगेट क्या? 12 सवालों में सबकुछ

    सवाल 7: क्या अभी कॉपर में पैसा लगाने का यह सही समय है? (Copper Price Target 2026)

    जवाबः अगर भाव 1100 रुपए के आसपास मिलता है, तो वह खरीदारी के लिए एक अच्छा लेवल है। इस भाव पर कॉपर 'ओवरसोल्ड' जोन में होता है और यहां इसकी वैल्यू काफी अच्छी लगती है। आप कुछ क्वांटिटी यहां ऐड कर सकते हैं। लेकिन, बड़ी इन्वेस्टमेंट के लिए युद्ध के मोर्चे पर किसी पॉजिटिव फैसले या शांति की शर्तों के मानने का इंतजार करना बेहतर होगा। जैसे ही मार्केट को सपोर्टिव न्यूज मिलेगी, कॉपर में निवेश का बेहतरीन मौका बनेगा।

    MCX पर कहां ट्रेड कर रहा कॉपर, ऑल टाइम हाई से कितना टूट चुका?

    मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को अप्रैल 2026 डिलिवरी वाला कॉपर 1.07 फीसदी यानी 12.20 रुपए के उछाल के साथ 1,151.10 रुपए (Copper Price Today) पर बंद हुआ। इस दौरान इसका हाई लेवल 1,159 रुपए और लो लेवल 1,142 रुपए (Copper Rate Today) रहा। जबकि पिछले क्लोज 1,138 रुपए था।

    बता दें कि कॉपर ने 29 जनवरी को 1,559 रुपए के साथ ऑल टाइम हाई का रिकॉर्ड (Copper All Time High) बनाया था। यानी पिछले दो महीने में कॉपर 408 रुपए (Copper Price Crash) तक सस्ता हो गया है।