फरवरी में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा म्यूचुअल फंड एसेट; SIP इनफ्लो 29800 करोड़ के पार, स्मॉलकैप में बढ़ा भरोसा
AMFI ने फरवरी के म्यूचुअल फंड आंकड़े जारी किए हैं। मासिक SIP इनफ्लो ₹29,845 करोड़ रहा, जो कम बैंकिंग दिनों के कारण जनवरी से थोड़ा कम है। हालांकि, इक्व ...और पढ़ें

नई दिल्ली। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) ने मंगलवार को फरवरी महीने के लिए म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के आंकड़े जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के अनुसार, फरवरी में मासिक सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) इनफ्लो में जनवरी के मुकाबले थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, शेयर बाजार में निवेशकों का भरोसा कायम है, जिसके चलते नेट इक्विटी इनफ्लो में शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली है।
कम बैंकिंग दिनों के कारण घटा SIP इनफ्लो
फरवरी महीने में मासिक SIP इनफ्लो 29,845 करोड़ रुपए रहा, जो जनवरी में 31,002 करोड़ रुपए था। AMFI ने इस गिरावट को लेकर स्पष्ट कारण बताया है। दरअसल, फरवरी कम दिनों का महीना होता है। जिन निवेशकों की SIP की तारीख 29, 30 या 31 होती है, उनके पैसे फरवरी में न कटकर मार्च की शुरुआत में प्रोसेस होते हैं। इस तकनीकी कारण (कम बैंकिंग दिनों) से फरवरी के SIP कलेक्शन के आंकड़े थोड़े कम नजर आते हैं, जबकि वह हिस्सा अगले महीने (मार्च) में जुड़ जाता है।
हालांकि, अगर सालाना आधार (YoY) पर देखें तो SIP निवेश में 15 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई है। पिछले साल फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 25,999 करोड़ रुपए था।
इक्विटी फंड्स में निवेशकों का रुझान बरकरार
SIP में हल्की तकनीकी गिरावट के बावजूद, भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया है। फरवरी में नेट इक्विटी इनफ्लो बढ़कर 25,977.91 करोड़ रुपए हो गया है, जो जनवरी में 24,028.59 करोड़ रुपए था।
विभिन्न इक्विटी सेगमेंट में इनफ्लो

- फ्लेक्सी कैप फंड: सबसे अधिक 6,924.65 करोड़ रुपए का इनफ्लो (जनवरी में 7,672.36 करोड़ रुपए था)।
- मिड कैप फंड: 4,002.99 करोड़ रुपए (जनवरी में 3,185.47 करोड़ रुपए)।
- स्मॉल कैप फंड: 3,881.06 करोड़ रुपए (जनवरी में 2,942.11 करोड़ रुपए)।
- लार्ज एंड मिड कैप फंड: 3,137.73 करोड़ रुपए (जनवरी में 3,181.89 करोड़ रुपए)।
- सेक्टोरल/थीमैटिक फंड: 2,987.29 करोड़ रुपए (जनवरी में 1,042.56 करोड़ रुपए से बड़ी छलांग)।
- लार्ज कैप फंड: 2,111.68 करोड़ रुपए (जनवरी में 2,004.98 करोड़ रुपए)।
- मल्टीकैप फंड: 1,933.53 करोड़ रुपए (जनवरी में 1,995.23 करोड़ रुपए)।
रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा AUM
फरवरी के अंत तक म्यूचुअल फंड्स का इक्विटी AUM बढ़कर 35,39,475.91 करोड़ रुपए हो गया है (जनवरी में यह 34,86,777.63 करोड़ रुपए था)। कुल AUM (डेट सहित): फरवरी के अंत में इंडस्ट्री का कुल AUM 82,02,956.35 करोड़ रुपए रहा। पूरे फरवरी महीने का औसत AUM 83,42,616.57 करोड़ रुपए दर्ज किया गया।
हाइब्रिड, डेट और पैसिव फंड्स का क्या रहा हाल?
हाइब्रिड स्कीम: इन फंड्स में फरवरी में 11,983.37 करोड़ रुपए का नेट इनफ्लो आया, जो जनवरी (17,356.02 करोड़ रुपए) के मुकाबले कम है।
डेट स्कीम: डेट फंड्स में कुल इनफ्लो 94,530 करोड़ रुपए रहा, जो जनवरी के 1,56,458.63 करोड़ रुपए से कम है।
पैसिव निवेश: गोल्ड ETF में 5,254.95 करोड़ रुपए, इंडेक्स फंड्स में 3,233.44 करोड़ रुपए और अन्य ETF में 4,487.15 करोड़ रुपए का निवेश आया।
बाजार में उतरे 21 नए फंड्स (NFO)
एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMC) ने फरवरी में कुल 21 नए फंड (NFO) लॉन्च किए, जबकि जनवरी में 12 फंड लॉन्च हुए थे। फरवरी में लॉन्च हुए फंड्स में 8 इक्विटी, 1 डेट, 1 हाइब्रिड, 4 इंडेक्स फंड्स और 7 ETF स्कीम शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।