PPF, NPS, EPF, ELSS या ULIP, किसमें निवेश करना ज्यादा फायदेमंद, टैक्स बचाने के लिए कौन सी स्कीम आपके लिए सबसे सही?
Tax Saving Investments: यह लेख PPF, NPS, EPF, ELSS और ULIP जैसी विभिन्न टैक्स सेविंग स्कीम्स की जानकारी देता है। यह बताता है कि अपनी ज़रूरतों, जोखिम क ...और पढ़ें
-1783609402825_m.webp)
टैक्स बचाने के लिए कौन सी स्कीम है सबसे बेहतर PPF NPS या ELSS जानें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली| क्या आप टैक्स भरते हैं? अगर हां, तो कभी न कभी आपके मन में भी आया होगा कि आखिर टैक्स कैसे बचाया जाए? आखिर अपना पैसा कहां निवेश किया जाए, जहां टैक्स की बचत भी होती रहे और मोटा पैसा भी बनता रहे। इस खबर में हम आपको ऐसी स्कीम्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप टैक्स सेविंग के साथ मोटा पैसा भी बना सकते हैं। दरअसल, बाजार में PPF, NPS, EPF, ELSS, टैक्स सेविंग FD, SCSS और ULIP जैसी कई स्कीमें मौजूद हैं। लेकिन हर स्कीम का उद्देश्य अलग है। कोई रिटायरमेंट के लिए बेहतर है, कोई सुरक्षित रिटर्न देता है, तो कोई लंबी अवधि में ज्यादा ग्रोथ का मौका देता है। इसलिए निवेश करने से पहले यह समझना जरूरी है कि आपकी जरूरत क्या है?
सबसे पहले उद्देश्य समझना जरूरी
टैक्स सेविंग इन्वेस्टमेंट सिर्फ टैक्स बचाने के लिए नहीं होते। कुछ स्कीमें लंबी अवधि में संपत्ति बनाने के लिए बनाई गई हैं, कुछ रिटायरमेंट की तैयारी के लिए, जबकि कुछ का मकसद सुरक्षित रिटर्न और नियमित आय देना है। इसलिए सिर्फ टैक्स बचाने के आधार पर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए।
PPF: सुरक्षित और लंबी अवधि का विकल्प
पीपीएफ यानी पब्लिक प्रोविडेंट फंड। यह सरकार समर्थित बचत योजना है, जिसमें 15 साल का लॉक-इन पीरियड होता है। पुराने टैक्स रिजीम में यह धारा 80C के तहत टैक्स छूट देता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी राशि तीनों टैक्स-फ्री होती हैं।
यह स्कीम उन लोगों के लिए अच्छी मानी जाती है, जो बिना जोखिम के लंबी अवधि में पैसा जोड़ना चाहते हैं। हालांकि, अगर आपको जल्दी पैसों की जरूरत पड़ सकती है या शेयर बाजार जैसे ज्यादा रिटर्न चाहिए, तो PPF सही विकल्प नहीं है।
खबरें और भी
किसके लिए सही?
- लंबी अवधि के निवेशकों के लिए
- कम जोखिम पसंद करने वाले निवेशकों के लिए
- रिटायरमेंट की तैयारी करने वालों के लिए
किसके लिए सही नहीं?
- कम समय में पैसे की जरूरत वालों के लिए
- शेयर बाजार जैसा रिटर्न चाहने वालों के लिए
NPS: रिटायरमेंट की मजबूत तैयारी
एनपीएस यानी नेशनल पेंशन सिस्टम। यह रिटायरमेंट के लिए बनाई गई सरकारी योजना है। इसमें पैसा इक्विटी, सरकारी बॉन्ड और कॉरपोरेट डेट में निवेश होता है। इसका उद्देश्य रिटायरमेंट के समय बड़ा फंड तैयार करना है।
यह उन लोगों के लिए बेहतर है, जो लंबी अवधि तक निवेश कर सकते हैं। लेकिन अगर आपको बीच में पैसे निकालने की जरूरत पड़ सकती है या आपका लक्ष्य कम समय का है, तो NPS आपके लिए उपयुक्त नहीं रहेगा, क्योंकि इसमें निकासी के नियम सीमित हैं।
EPF: नौकरीपेशा लोगों का भरोसेमंद फंड
EPF यानी इम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड केवल वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए है। इसमें कर्मचारी और कंपनी दोनों योगदान करते हैं। यह रिटायरमेंट के लिए अनुशासित बचत का अच्छा माध्यम है और पुराने टैक्स रिजीम में टैक्स लाभ भी मिलता है। अगर आप नौकरी नहीं करते या स्वयं का व्यवसाय करते हैं, तो EPF आपके लिए उपलब्ध नहीं होगा।
यह भी पढ़ें- EPFO PF Interest : खाते में कब आएगा 8.25% ब्याज, 5 लाख, 10 लाख, 50 लाख से 1 करोड़ PF पर कितना मिलेगा ब्याज?
SCSS: वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर विकल्प
सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों और पात्र रिटायर लोगों के लिए बनाई गई है। इसमें नियमित ब्याज मिलता है और पूंजी भी अपेक्षाकृत सुरक्षित रहती है। पुराने टैक्स रिजीम में निर्धारित सीमा तक टैक्स लाभ भी मिलता है। हालांकि, यह स्कीम युवा निवेशकों या ज्यादा इक्विटी ग्रोथ चाहने वालों के लिए उपयुक्त नहीं मानी जाती।
Tax Saving FD: सुरक्षित लेकिन सीमित रिटर्न
5 साल की टैक्स सेविंग फिक्स्ड डिपॉजिट भी धारा 80C के तहत टैक्स छूट देती है। इसमें रिटर्न पहले से तय रहता है, इसलिए जोखिम नहीं होता। लेकिन इसका ब्याज टैक्सेबल होता है। साथ ही पांच साल से पहले पैसा नहीं निकाला जा सकता। अगर आपका लक्ष्य ज्यादा रिटर्न कमाना है, तो यह विकल्प सीमित साबित हो सकता है।
ELSS: कम लॉक-इन, ज्यादा ग्रोथ की संभावना
इक्विटी लिंक्ड सेविंग्स स्कीम (ELSS) एक म्यूचुअल फंड है, जिसमें कम से कम 80% पैसा शेयर बाजार में लगाया जाता है। इसकी लॉक-इन अवधि सिर्फ 3 साल है, जो टैक्स सेविंग विकल्पों में सबसे कम है। अगर आप बाजार के उतार-चढ़ाव को समझते हैं और लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न चाहते हैं, तो ELSS अच्छा विकल्प हो सकता है। लेकिन इसमें पूंजी की गारंटी नहीं होती।
ULIP: बीमा और निवेश दोनों
यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP) में एक ही प्लान के तहत जीवन बीमा और निवेश दोनों का फायदा मिलता है। प्रीमियम का एक हिस्सा बीमा में जाता है और बाकी पैसा आपकी पसंद के फंड में निवेश किया जाता है। पुराने टैक्स रिजीम में योग्य प्रीमियम पर धारा 80C के तहत टैक्स लाभ मिलता है।
यह उन लोगों के लिए बेहतर है जो बीमा और निवेश दोनों एक साथ चाहते हैं। लेकिन अगर आपका उद्देश्य सिर्फ निवेश करना है या आपको ज्यादा लिक्विडिटी चाहिए, तो ULIP सबसे अच्छा विकल्प नहीं माना जाता।
बड़ा सवालः आखिर कौन-सी स्कीम चुनें?
- PPF: सुरक्षित और टैक्स-फ्री लंबी अवधि का निवेश
- NPS: रिटायरमेंट प्लानिंग
- EPF: नौकरीपेशा कर्मचारियों के लिए
- SCSS: वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित आय
- Tax Saving FD: सुरक्षित और तय रिटर्न
- ELSS: कम लॉक-इन के साथ ज्यादा ग्रोथ की संभावना
- ULIP: बीमा और निवेश दोनों का कॉम्बिनेशन
एक्सपर्ट्स का मानना है कि आपका चुनाव आपके लक्ष्य पर निर्भर करता है। कोई भी टैक्स सेविंग स्कीम हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होती। निवेश हमेशा अपनी आय, जोखिम उठाने की क्षमता और वित्तीय लक्ष्य को ध्यान में रखकर ही करें।