SSY vs PPF: पहले कहां बनेगा बड़ा फंड, ₹1 लाख निवेश करने पर कौन देता है ज्यादा ब्याज और बेहतर रिटर्न?
SSY vs PPF Comparison: सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) और पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) दोनों ही लंबी अवधि के निवेश के लिए लोकप्रिय हैं। SSY में PPF से अधिक ब्याज दर मिलती है, जिससे इसमें पहले बड़ा फंड बनने की संभावना होती है। SSY की निवेश अवधि भी PPF से कम होती है। दोनों ही योजनाओं में निवेश पर टैक्स बेनिफिट मिलता है, जिससे ये आकर्षक विकल्प हैं।

SSY और PPF सुरक्षित व गारंटीड रिटर्न के लिए बेहतरीन सरकारी विकल्प हैं।
नई दिल्ली| SSY vs PPF Comparison: सुरक्षित और गारंटीड रिटर्न पाने के दो बेहतरीन विकल्प हैं। पहला- SSY यानी सुकन्या समृद्धि योजना और दूसरा PPF यानी पब्लिक प्रोविडेंट फंड। निवेश के लिए दोनों ही शानदार सरकारी विकल्प हैं। दोनों स्कीमों में टैक्स बेनिफिट मिलता है और जोखिम भी नहीं है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि अगर आप हर साल 1 लाख रुपए निवेश करते हैं तो बड़ा फंड कौन बनाएगा? लगातार 10-15 साल निवेश करने पर कहां बड़ा फंड तैयार होगा? तो चलिए समझते हैं पूरा कैलकुलेशन।
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) क्या है?
सुकन्या समृद्धि योजना सरकारी स्कीम है, जिसे 2015 में लॉन्च किया गया था। यह योजना 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान का हिस्सा है और माता-पिता को अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत करने में मदद करती है। इसमें खाता एक्टिव रखने के लिए सालाना न्यूनतम 250 रुपए जमा कर सकते हैं, जबकि सालाना अधिकतम 1.5 लाख रुपए जमा किए जा सकते हैं।
- कौन निवेश कर सकता है- बेटी के नाम पर माता-पिता या अभिभावक।
- ब्याज दर- फिलहाल 8.2% प्रति वर्ष (तिमाही आधार पर सरकार तय करती है)।
- निवेश अवधि: 15 साल तक निवेश कर सकते हैं।
- मैच्योरिटी अवधि: खाते के खुलने की तारीख से 21 साल।
- टैक्स छूट: धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपए तक। ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट पर भी कोई टैक्स नहीं।
कैलकुलेशन (SSY):
अगर कोई व्यक्ति हर साल 1 लाख रुपए (यानी लगभग 8,333 रुपए प्रति माह) 15 साल तक निवेश करता है, तो 8.2% ब्याज दर पर मैच्योरिटी पर लगभग 36.5 लाख रुपए का फंड बनेगा। इसमें कुल निवेश 15 लाख रुपए है और लाभ लगभग 21.5 लाख रुपए का होगा।
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) क्या है?
नौकरीपेशा हों या बिजनेसमैन, PPF में हर भारतीय निवेश कर सकता है। इसमें अकाउंट पोस्ट ऑफिस या फिर चुनिंदा बैंकों में खुलता है और लॉक-इन पीरियड 15 साल का होता है। इसमें सालाना न्यूनतम 500 रुपए और अधिकतम 1.5 लाख रुपए जमा कर सकते हैं। अभी इस पर 7.1% ब्याज मिल रहा है। मैच्योरिटी और ब्याज, दोनों टैक्स-फ्री हैं। मैच्योरिटी के बाद इसे 5-5 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।
- कौन निवेश कर सकता है- कोई भी भारतीय नागरिक।
- ब्याज दर- फिलहाल 7.1% प्रति वर्ष।
- निवेश अवधि- 15 साल (इसके बाद 5-5 साल के लिए बढ़ा सकते हैं)।
- टैक्स छूट- SSY की तरह इसमें भी ब्याज और मैच्योरिटी रकम पूरी तरह टैक्स फ्री है।
कैलकुलेशन (PPF):
अगर कोई व्यक्ति हर साल 1 लाख रुपए 15 साल तक PPF में जमा करता है, तो 7.1% ब्याज दर पर मैच्योरिटी पर लगभग 31.2 लाख रुपए का फंड तैयार होगा। यहां कुल निवेश 15 लाख रुपए और लाभ लगभग 16.2 लाख रुपए का होगा।
SSY vs PPF: 10 साल का कैलकुलेशन
- SSY में 10 साल में 10 लाख रुपए जमा होगा और 8.2% ब्याज के साथ लगभग 14.9 लाख रुपए का फंड तैयार होगा।
- PPF 7.1% ब्याज के साथ लगभग 13.8 लाख रुपए का फंड
SSY vs PPF: दोनों में कौन बेहतर?
अगर आपकी बेटी है और आप उसके भविष्य के लिए निवेश करना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) बेहतर विकल्प है, क्योंकि इसकी ब्याज दर ज्यादा है और टैक्स फ्री रिटर्न भी मिलता है। वहीं अगर आप अपने लिए दीर्घकालिक सुरक्षित निवेश चाहते हैं, तो PPF एक बढ़िया और लचीला विकल्प है, क्योंकि इसे आप बाद में भी बढ़ा सकते हैं।
एक ही रकम (1 लाख रुपए सालाना) पर SSY से 15 साल में लगभग 5 लाख रुपए ज्यादा फंड बनता है। इसलिए बेटियों के भविष्य के लिए SSY और व्यक्तिगत रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए PPF सबसे समझदार विकल्प हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।