युद्ध के बीच 4 शेयरों ने महीनेभर में 47% तक का क्रैश झेला, पर मुनाफा है तगड़ा; क्या पैसा लगाने का है सही समय?
शेयर बाजार पर वैश्विक तनाव का असर दिख रहा है। धीमी वृद्धि और महंगाई के कारण भारी उतार-चढ़ाव दिख रहा है। निफ्टी 500 में 10% से अधिक की गिरावट आई है। ऐस ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। शेयर बाजार (Stock Market) पिछले कुछ समय से भारी उतार-चढ़ाव और बिकवाली के दौर से गुजर रहा है। पिछले एक महीने में ही निफ्टी 500 (Nifty 500) इंडेक्स 10% से ज्यादा टूट चुका है। बाजार में इस गिरावट के पीछे धीमी आर्थिक वृद्धि, बढ़ती महंगाई और सख्त वित्तीय स्थितियां जैसे कई कारण शामिल हैं।
इसके अलावा, भू-राजनीतिक तनावों ने निवेशकों की चिंता को काफी बढ़ा दिया है। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण पहले ही ग्लोबल सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है, लेकिन अब ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसका सबसे बड़ा असर 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) पर पड़ सकता है, जहां से दुनिया का लगभग 20% कच्चा तेल गुजरता है। इस मार्ग में किसी भी तरह की रुकावट से ऊर्जा कीमतों में भारी उछाल आ सकता है।
इन तमाम वैश्विक चुनौतियों के बीच बैंकिंग, रियल एस्टेट, ऊर्जा और औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई है। हालांकि, शेयर बाजार में इस तेज गिरावट के बावजूद कुछ कंपनियों के तिमाही नतीजे शानदार रहे हैं और उनके मुनाफे में बड़ा उछाल आया है। जागरण बिजनेस ने BSE और NSE डेटा पर रिसर्च की है और ऐसे 4 शेयरों के बारे में बता रहे हैं जो पिछले एक महीने में 47% तक गिर चुके हैं, लेकिन उनके फंडामेंटल्स अभी भी मजबूत नजर आ रहे हैं।
1. भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL)
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) भारत की सबसे बड़ी तेल रिफाइनिंग और ईंधन मार्केटिंग कंपनियों में से एक है। कंपनी अब क्लीन एनर्जी और EV चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर में भी तेजी से निवेश कर रही है।
- मार्केट कैप: ₹1,21,997 करोड़
- शेयर का हाल: पिछले एक महीने में स्टॉक में 25% की गिरावट आई है। हालिया सत्र में यह शेयर ₹282.55 से गिरकर ₹281.20 पर बंद हुआ।
- तिमाही नतीजे (Q3FY26): कंपनी के प्रदर्शन में शानदार सुधार दिखा है। Q3FY25 के मुकाबले इसकी बिक्री 5% बढ़कर ₹1,19,029 करोड़ हो गई है।
- मुनाफा: ईबिटडा (EBITDA) 57% बढ़कर ₹11,687 करोड़ और शुद्ध मुनाफा (Net Profit) 89% के भारी उछाल के साथ ₹7,188 करोड़ हो गया है। प्रति शेयर आय (EPS) भी ₹8.77 से बढ़कर ₹16.57 हो गई है।
2. अशोक लेलैंड लिमिटेड (Ashok Leyland Ltd)
हिंदुजा ग्रुप की यह कंपनी ट्रक, बस और कमर्शियल वाहन बनाने वाली भारत की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। कंपनी इलेक्ट्रिक बसों और वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों पर भी भारी निवेश कर रही है।
- मार्केट कैप: ₹90,574 करोड़
- शेयर का हाल: पिछले एक महीने में इस शेयर में 26% की गिरावट दर्ज की गई है। यह शेयर अपने पिछले बंद स्तर ₹163 से गिरकर ₹154.20 पर आ गया।
- तिमाही नतीजे (Q3FY26): कंपनी ने सालाना आधार पर मजबूत ग्रोथ दर्ज की है। बिक्री 24% बढ़कर ₹14,830 करोड़ (Q3FY25 में ₹11,995 करोड़) हो गई।
- मुनाफा: कंपनी का EBITDA 21% बढ़कर ₹2,822 करोड़ हो गया है, जबकि शुद्ध मुनाफा 5% बढ़कर ₹862 करोड़ रहा। EPS भी 6% बढ़कर ₹1.38 हो गया है।
यह भी पढ़ें: PPF, सुकन्या समृद्धि समेत स्मॉल सेविंग स्कीम पर अगली तिमाही के लिए ब्याज दरें घोषित, 1 अप्रैल से होंगी लागू
3. आईडीबीआई बैंक लिमिटेड (IDBI Bank Ltd)
आईडीबीआई बैंक भारत का एक प्रमुख डायवर्सिफाइड बैंक है जो रिटेल, कॉर्पोरेट और ट्रेजरी बैंकिंग सेवाएं देता है। सरकार के विनिवेश (Divestment) प्लान के कारण यह बैंक अक्सर चर्चा में रहता है।
मार्केट कैप: ₹65,643 करोड़
शेयर का हाल: इस शेयर ने निवेशकों को सबसे ज्यादा निराश किया है। पिछले 1 महीने में इसमें 47% का भारी क्रैश आया है। शेयर ₹64 के स्तर से टूटकर ₹61.05 पर बंद हुआ।
तिमाही नतीजे (Q3FY26): तिमाही नतीजे स्थिर रहे हैं। बैंक की कुल बिक्री में 9% की गिरावट आई (₹7,819 करोड़ से घटकर ₹7,080 करोड़)।
मुनाफा: मुनाफा लगभग फ्लैट रहा है। Q3FY25 के ₹1,954 करोड़ के मुकाबले इस बार बैंक ने ₹1,959 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है।
4. लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड (Lodha Developers Ltd)
मैक्रोटेक डेवलपर्स (Macrotech Developers) के नाम से भी पहचानी जाने वाली यह कंपनी देश के प्रमुख रियल एस्टेट ब्रांड्स में से एक है। मुंबई में इसका तगड़ा दबदबा है और अब यह लॉजिस्टिक्स पार्क और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर में भी विस्तार कर रही है।
- मार्केट कैप: ₹67,431 करोड़
- शेयर का हाल: पिछले एक महीने में रियल एस्टेट सेक्टर की इस दिग्गज कंपनी के शेयर में 30% की गिरावट आई है। हालिया सत्र में यह शेयर ₹698.85 से फिसलकर ₹675.05 पर आ गया।
- तिमाही नतीजे (Q3FY26): कंपनी ने सालाना आधार पर ठीक-ठाक ग्रोथ दिखाई है। इसकी बिक्री 14% बढ़कर ₹4,672 करोड़ हो गई है।
- मुनाफा: EBITDA 8% बढ़कर ₹1,415 करोड़ हो गया है। वहीं, शुद्ध मुनाफा मामूली 1% की बढ़त के साथ ₹958 करोड़ दर्ज किया गया। प्रति शेयर आय (EPS) ₹9.47 से बढ़कर ₹9.58 हो गई है।
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।