सर्च करे
Home

Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दुश्मन की बिछाई बारूदी सुरंगें होंगी पल भर में तबाह! सेना के T-90 टैंकों के लिए BEML को मिला ₹590 करोड़ का ऑर्डर

    Updated: Tue, 21 Apr 2026 08:10 PM (IST)

    भारतीय सेना ने T-72 और T-90 टैंकों के लिए BEML को ₹590 करोड़ का 'ट्रॉल असेंबली' आपूर्ति का ऑर्डर दिया है। यह उपकरण बारूदी सुरंगों को साफ कर युद्ध क्षे ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    नई दिल्ली। 'मेक इन इंडिया' (Make in India) और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हुए भारतीय सेना ने सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बीईएमएल लिमिटेड (BEML Ltd) को 590 करोड़ रुपये का एक बड़ा ऑर्डर दिया है। यह अहम अनुबंध रक्षा मंत्रालय और BEML के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में औपचारिक रूप से हस्ताक्षरित किया गया। इस डील के तहत कंपनी भारतीय सेना के मुख्य युद्धक टैंकों के लिए विशेष रक्षा उपकरणों की आपूर्ति करेगी।

    किस खास उपकरण के लिए हुआ है यह समझौता?

    यह 590 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मुख्य रूप से भारतीय सेना के घातक 'टी-72' (T-72) और 'टी-90' (T-90) टैंकों पर तैनाती के लिए 'ट्रॉल असेंबली' (Trawl Assembly) की आपूर्ति से जुड़ा है। रक्षा मंत्रालय का यह कदम देश की रक्षा तैयारियों और स्वदेशी विनिर्माण क्षमताओं को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।

    'ट्रॉल असेंबली' क्या है और युद्ध के मैदान में यह कैसे काम करेगी?

    'ट्रॉल असेंबली' युद्ध के मैदान में टैंकों के आगे लगाया जाने वाला एक बेहद अहम उपकरण है, जो सेना के लिए ढाल का काम करता है। BEML के अनुसार, ये ट्रॉल प्रणाली जमीन में बिछी बारूदी सुरंगों (Landmines) को साफ करने की बेहतरीन क्षमता से लैस हैं। ये युद्ध क्षेत्र में एक सुरक्षित रास्ता बनाती हैं, जिससे सेना के टैंक और अन्य वाहन बिना किसी नुकसान के आसानी से आगे बढ़ सकें।

    इसके इस्तेमाल से सैनिकों की सुरक्षा बढ़ती है, सैन्य अभियानों की गति तेज होती है और आधुनिक युद्ध में सेना को दुश्मन पर स्पष्ट बढ़त मिलती है।

    इस डील पर BEML प्रबंधन का क्या कहना है?

    कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) शांतनु रॉय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के साथ यह सहयोग देश के रक्षा R&D इकोसिस्टम की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि यह बड़ा ऑर्डर भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

    शेयर बाजार में कैसा है BEML का हाल?

    इस बड़ी खबर के बीच कंपनी का शेयर बाजार में भी मजबूत दबदबा है। BEML का मौजूदा शेयर प्राइस ₹1,768 है और मार्केट कैप (Market Cap) ₹ 14,722 करोड़ है।

    कितना बड़ा है BEML के कारोबार का दायरा?

    BEML (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) केवल रक्षा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खनन (Mining), निर्माण और रेलवे के लिए भारी उपकरण बनाने वाली देश की अग्रणी कंपनी है। कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बंटा है।

    BEML भारत में माइनिंग और कंस्ट्रक्शन उपकरण बनाने वाली प्रमुख कंपनी है। यह ओपनकास्ट और अंडरग्राउंड दोनों तरह की खदानों के लिए मशीनरी (हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर, बुलडोजर, व्हील लोडर, डंप ट्रक आदि) बनाती है। सरकार द्वारा 1948 में स्थापित अपने प्लांट में कंपनी ने पहले भारतीय रेलवे के लिए कोच बनाना शुरू किया था। 2002 में इसने भारत में 'मेट्रो कार' बनाने के लिए रोटेम (कोरिया) के साथ तकनीकी समझौता किया। दिल्ली मेट्रो (DMRC) से ऑर्डर मिलने के बाद से कंपनी अब तक भारत के विभिन्न प्रोजेक्ट्स के लिए 1,100 से अधिक मेट्रो कार की सप्लाई कर चुकी है।

    यह कंपनी भारतीय सेना और अन्य रक्षा बलों को विभिन्न सैन्य उपकरणों की आपूर्ति करती है। इनमें सभी प्रकार के दुर्गम इलाकों में चलने वाले वाहन शामिल हैं, जैसे- ब्रिज लेयर, फील्ड आर्टिलरी ट्रैक्टर, मीडियम और हैवी रिकवरी वाहन और क्रैश फायर टेंडर।

    Source:

    BSE

    यह भी पढ़ें: ये हैं पड़ोसी देश नेपाल के टॉप-5 सबसे अमीर शख्स, इस महिला के पास है करोड़ों की दौलत

    "शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

    (डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)