Nestle India Q4 Result: नेस्ले इंडिया के प्रॉफिट में 27% का उछाल, डिविडेंड का भी एलान; शेयर में आई 8% की तेजी
Nestle India Q4 Result:नेस्ले इंडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 27.18% की वृद्धि के साथ 1,110.9 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। कंपन ...और पढ़ें
-1776769385470_m.webp)
Nestle India Q4 Result: चॉकलेट, कॉफी, मैगी जैसे फेमस प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया के चौथे तिमाही का नतीजा जारी हो चुका है। कंपनी का नतीजा काफी अच्छा रहा। इसके साथ ही कंपनी ने निवेशकों के लिए डिविडेंड का भी एलान किया है। चौथी तिमाही में हुए प्रॉफिट को देख इसके शेयर में भी तेजी देखी गई। बाजार बंद होते-होते इसके शेयर में 6 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है।
Nestle India Q4 Result: कितने का हुआ मुनाफा?
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में नेट प्रॉफिट 27.18 प्रतिशत बढ़कर 1,110.9 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में शुद्ध लाभ 873.46 करोड़ रुपये था। नेस्ले इंडिया ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में उत्पादों की बिक्री से नेस्ले इंडिया का राजस्व 6,723.75 करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर 23.42 प्रतिशत अधिक है।
चौथी तिमाही में ऑपरेशनल इनकम 6,747.79 करोड़ रुपये रही जबकि एक वर्ष पहले इसी तिमाही में यह 5,503.88 करोड़ रुपये थी। इसके साथ ही कुल आय (जिसमें अन्य आय भी शामिल है) 22.73 प्रतिशत बढ़कर 6,766.24 करोड़ रुपये रही। वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में घरेलू बिक्री 23.11 प्रतिशत बढ़कर 6,445.07 करोड़ रुपये रही।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी ने कहा, ‘‘नेस्ले इंडिया ने दहाई अंकों की मजबूत वृद्धि दर्ज की और 6,445 करोड़ रुपये की अपनी अब तक की सबसे अधिक घरेलू बिक्री हासिल की...।’’
कैसे आई प्रॉफिट में तेजी?
निर्यात से राजस्व 31 प्रतिशत बढ़कर 278.68 करोड़ रुपये रहा। तिवारी ने कहा कि इस प्रदर्शन में सभी उत्पाद समूहों का योगदान रहा और प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाने के साथ-साथ संसाधनों का अनुशासित उपयोग और मजबूत क्रियान्वयन वृद्धि के प्रमुख कारक रहे।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में नेस्ले इंडिया का लाभ सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 3,499.08 करोड़ रुपये रहा। कुल आय 14.46 प्रतिशत बढ़कर 23,194.95 करोड़ रुपये हो गई। तिवारी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में कंपनी के प्रमुख ब्रांड मैगी नूडल्स ने बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखी जबकि किटकैट तथा नेस्कैफे की बाजार हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है।
कितने रुपये का होगा डिविडेंड?
कंपनी ने 5 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी एलान किया है। इसके बाद कंपनी के शेयर में तूफानी तेजी देखी गई। शेयर बाजार क्लोजिंग से कुछ समय पहले ही नेस्ले इंडिया के शेयर में 6 फीसदी की तेजी देखी गई है।
(पीटीआई इनपुट के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।