Bijapur Naxal Encounter: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, तलाशी अभियान जारी
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आज मुठभेड़ हुई। अभी तक की जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने आठ नक्सलियों को मार गिराया है। मौके पर तलाशी अभियान चल रहा है। इस बात की जानकारी पुलिस अधिकारी ने दी है। जानकारी के अनुसार गंगालूर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल में ये मुठभेड़ आज हुई। इस साल 55 नक्सली ढेर हुए हैं।

जेएनएन, बीजेपुर। छत्तीसगढ़ में बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरचोली-तोड़का के जंगल में शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल ने आठ नक्सलियों को मार गिराया। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ स्थल से इंसास राइफल, बैरेल ग्रेनेड लांचर समेत भारी मात्रा में विस्फोटक भी मिले हैं।
मारे गए नक्सलियों के शव लेकर जवान पालनार स्थित फारवर्ड ऑपरेटिंग बेस कैंप पहुंच चुके हैं, जहां उनकी पहचान की जा रही है। यहां से शवों को बीजापुर जिला मुख्यालय ले जाया जाएगा। पुलिस के अनुसार कोरचोली क्षेत्र में पश्चिम बस्तर डिवीजन व गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी।
दोपहर तक हुई गोलीबारी
शुक्रवार को डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 202 व सीआरपीएफ 222 वाहिनी की संयुक्त टीम को अभियान पर भेजा गया था। शनिवार सुबह 8.30 बजे नक्सलियों ने घात लगा कर सुरक्षा बल पर हमला किया। जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। दोपहर तक दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। सुरक्षा बल को भारी पड़ता देख बाकी नक्सली वहां से भाग खड़े हुए।
छह मुठभेड़ों में 55 नक्सली ढेर
बता दें कि इस वर्ष अब तक छत्तीसगढ़ में छह मुठभेड़ों में 55 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। पिछले वर्ष 100 से अधिक अभियानों में 219 नक्सलियों के शव व बड़ी संख्या में हथियार पुलिस को मिले थे। यद्यपि नक्सलियों की स्वीकारोक्ति के अनुसार वर्ष 2024 में 239 नक्सली मारे गए थे, जिससे नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा है। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी के नेता रामचंद्र रेड्डी उर्फ चलपति सहित 50 से अधिक नक्सली कमांडर शामिल थे।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा कि नक्सलियों के सामने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का रास्ता ही बाकी है। आने वाले समय में अभियान और तेज किए जाएंगे।
वर्ष 2025 में मिली सफलता
- दो जनवरी: बीजापुर में पांच नक्सली मारे गए।तीन जनवरी- गरियाबंद के कांडेसर में तीन नक्सली ढेर।
- पांच जनवरी: अबूझमाड़ में पांच नक्सली मारे गए।16 जनवरी - बीजापुर-सुकमा सीमा पर 18 नक्सली ढेर।
- 20 जनवरी: गरियाबंद में 16 नक्सली मारे गए। एक फरवरी - बीजापुर के कोरचोली में आठ नक्सली ढेर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।