'हमारी टीम बहुत मजबूत...', भारत-अमेरिका मैच के एक दिन बाद डोनाल्ड ट्रंप का रिएक्शन आया सामने; विश्व कप पर ये बोले USA के राष्ट्रपति
संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने अमेरिका की टीम को ...और पढ़ें

डोनाल्ड ट्रंप का रिएक्शन
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने अमेरिका की टीम को विश्व कप के लिए शुभकामनाएं दी हैं और टीम को मजबूत बताया है। ट्रंप का ये बयान ऐसे समय में आया है, जब मोनांक पटेल की कप्तानी में यूएसए की टीम ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत को कड़ी चुनौती दी थी।
अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में भारत को कड़ी टक्कर मिली थी और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी की वजह सी टीम इंडिया ने मुकाबले में जीत हासिल की थी। एक समय पर यूएसए ने भारतीय प्रशंसकों की सांसे रोक दी थी क्योंकि टीम इंडिया ने 77 रनों पर 6 विकेट गंवा दिया था और इसी को देखते हुए ट्रंप ने अपनी टीम को टूर्नामेंट के लिए मजबूत बताया है और शुभकामनाएं दी हैं।
डोनाल्ड ट्रंप का रिएक्शन आया सामने
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, "मैंने अभी सुना है कि क्रिकेट वर्ल्ड कप भारत में हो रहा है। मैं यूएसए की टीम को शुभकामनाएं देता हूं। हमारी बहुत ही मजबूत टीम है। अमेरिका आपका सपोर्ट कर रहा है।"
USA President Donal Trump’s post for USA cricket team. pic.twitter.com/maAZuH19sO
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) February 8, 2026
यूएसए ने भारत को दी थी कड़ी टक्कर
यूएसए की टीम को वर्ल्ड कप से पहले कम आंका जा रहा था लेकिन भारत के खिलाफ 7 फरवरी को खेले गए मुकाबले में टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि यूएसए की टीम मेन इन ब्लू को हराकर बड़ा उलटफेर करने वाली है। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और कप्तान सूर्या के दम पर भारत ने 161 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर दिया था, जिसके जवाब में यूएसए की टीम 132 रन बना सकी और मुकाबला 29 रनों से हार गई।
उलटफेर कर चुकी है यूएसए
यूएसए की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान उलटफेर कर चुकी है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए सुपर ओवर में जीत हासिल की थी। ऐसे में भारत के खिलाफ मुकाबले के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बाकी टीमें सावधान रहना चाहेंगी और उन्हें हल्के में नहीं लेना चाहेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।