BCCI के शेड्यूल से खुश नहीं कोच गंभीर और गिल, अफगानिस्तान टेस्ट में रिजर्व प्लेयर्स को मौका दे सकते हैं सेलेक्टर्स
गौतम गंभीर और शुभमन गिल आईपीएल 2026 के तुरंत बाद अफगानिस्तान टेस्ट रखने के फैसले से बीसीसीआई से खफा है। ...और पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल आईपीएल 2026 के खत्म होने के तुरंत बाद अफगानिस्तान टेस्ट के शेड्यूल रखने के फैसले से बीसीसीआई से खफा बताए जा रहे हैं।
आईपीएल का फाइनल 31 मई को होगा, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट 6 जून से शुरू होना है। अभी तक यह भी तय नहीं है कि कौन-कौन सी टीमें आईपीएल प्लेऑफ में पहुंचेंगी। ऐसे में अजीत अगरकर की चयन समिति अफगानिस्तान टेस्ट के लिए कुछ रिजर्व खिलाड़ियों को मौका दे सकती है।
गंभीर और गिल BCCI के शेड्यूल से नहीं खुश
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर और गिल पहले भी इतने व्यस्त शेड्यूल का विरोध कर चुके हैं और अब फिर उसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। वहीं चयनकर्ता प्लान-बी पर काम कर रहे हैं। गुरनूर बरार, मानव सुथार, आकिब नबी, देवदत्त पडिक्कल और कुछ अन्य खिलाड़ी इस एकमात्र टेस्ट के लिए सेलेक्टर्स की नजर में हैं, क्योंकि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है।
सीनियर प्लेयर्स को दिया जा सकता है आराम
जसप्रीत बुमराह, शुभमन गिल, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है, क्योंकि वे आईपीएल खेल रहे हैं और आगे भी लगातार बिजी शेड्यूल है।
एक सूत्र ने कहा, “आईपीएल फाइनल और अफगानिस्तान टेस्ट के बीच ज्यादा अंतर नहीं है। इसलिए चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों पर ज्यादा बोझ नहीं डालना चाहेंगे, क्योंकि इसके बाद तीन वनडे और फिर इंग्लैंड दौरे पर व्हाइट-बॉल सीरीज है।
उन्होंने आगे कहा,
अफगानिस्तान टेस्ट में WTC के अंक नहीं मिलेंगे, इसलिए खिलाड़ियों का वर्कलोड संभालना जरूरी है। कुछ खिलाड़ी करीब दो महीने लगातार क्रिकेट खेलेंगे। अभी वनडे और WTC ज्यादा अहम हैं। टीम चाहेगी कि उसके बड़े खिलाड़ी फिट, तरोताजा और श्रीलंका व न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट और बाकी वनडे मैचों के लिए तैयार रहें। ऐसे में इस टेस्ट के लिए बुमराह को जोखिम में डालने का क्या फायदा?
सूत्र
रिपोर्ट में आगे कहा गया, “टेस्ट और वनडे सीरीज के बीच भी ज्यादा समय नहीं है। ऐसे में गिल, बुमराह, केएल राहुल और जडेजा जैसे खिलाड़ी एक महीने के अंदर T20 से टेस्ट और फिर वनडे फॉर्मेट में जाएंगे। कप्तान और कोच पहले भी ऐसे शेड्यूल पर खुलकर बोल चुके हैं और अंतिम फैसला उनका हो सकता है।”
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक दांव पर नहीं
भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंक दांव पर नहीं हैं। इसलिए चयनकर्ता इस मैच में कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दे सकते हैं।
सूत्र ने कहा कि इस चयन समिति की एक बात साफ है कि वे जल्दबाजी में फैसला नहीं लेते। गुरनूर और मानव ने प्रभावित किया है। हर्ष, आकिब और देवदत्त ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। अब फैसला टीम मैनेजमेंट और मेडिकल टीम की चर्चा के बाद होगा, क्योंकि खिलाड़ियों का सही इस्तेमाल सबसे जरूरी है। जहां WTC अंक नहीं मिल रहे, वहां स्टार खिलाड़ियों को पांच दिन धूप में खिलाने का कोई मतलब नहीं है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।