Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    T20 World Cup 2026: किस्मत से मिले मौके को सिराज ने दोनों हाथों से लपका, दूसरे मैच से पहले किए बड़े खुलासे

    Updated: Sun, 08 Feb 2026 08:31 PM (IST)

    मोहम्मद सिराज ने अपना अंतिम टी-20 मुकाबला दो साल पहले 30 जुलाई 2024 में खेला था, लेकिन उनकी विकेट लेने की क्षमता और बड़े टूर्नामेंट में उनके अनुभव को ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    सिराज ने चटकाए 3 विकेट।

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। जो आपके भाग्य में है, उसे आपसे कोई छीन नहीं सकता। शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के विरुद्ध भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद सिराज को भी भाग्य से ये अवसर मिला, जिसका उन्होंने पूरा लाभ उठाया।

    हैदराबाद का यह गेंदबाज टी-20 विश्व कप की योजनाओं में दूर-दूर तक नहीं था और वह 15 फरवरी को रीयल मैड्रिड और रीयल सोसिडाड के बीच फुटबॉल मैच देखने के लिए स्पेन रवाना होने वाले थे, लेकिन दो दिन पहले ही उन्हें सूर्यकुमार यादव ने फोन कर टीम से जुड़ने के लिए कहा तो उन्होंने कहा कि भाई क्यों मजाक कर रहे हो।

    तेज गेंदबाज हर्षित राणा के अंतिम समय में चोटिल होने के बाद सिराज को टीम में शामिल किया गया। टीम प्रबंधन और कप्तान ने उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा पर प्राथमिकता दी, जो बीते कुछ समय से लगातार भारतीय टीम की ओर से खेल रहे हैं।

    दो साल पहले खेला था

    मोहम्मद सिराज ने अपना अंतिम टी-20 मुकाबला दो साल पहले 30 जुलाई 2024 में खेला था, लेकिन उनकी विकेट लेने की क्षमता और बड़े टूर्नामेंट में उनके अनुभव को देखते हुए टीम प्रबंधन ने प्रसिद्ध की जगह सिराज पर भरोसा जताया। सिराज ने कहा कि टी-20 विश्व कप की तैयारी एक साल से चल रही थी और जो लगातार टी-20 खेल रहे हैं, उन्हें ही खेलना था क्योंकि मैं दो साल से इस प्रारूप में नहीं खेल रहा था तो मुझे पता था कि मुझे खेलने का मौका नहीं मिलेगा। लेकिन ऊपरवाले को कुछ और मंजूर था।

    रणजी ट्रॉफी खेल रहे थे

    सिराज ने मैच के बाद कहा, जून 2024 के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी पर वह सबसे छोटे प्रारूप के लिए अपनी तैयारी को लेकर साफ थे और अमेरिका के विरुद्ध टी-20 विश्व कप के पहले मैच में रणजी ट्रॉफी में फेंकी गई लाइन और लेंथ पर टिके रहना ही उनकी योजना थी। उन्होंने कहा कि मैं रणजी ट्रॉफी खेलकर आ रहा था इसलिए मेरी लाइन और लेंथ अच्छी थी।

    नहीं पता था कि मैं खेलूंगा

    सिराज ने कहा कि जब मैं टीम से जुड़ा तब मुझे नहीं पता था कि मैं खेलूंगा। मुझे बुलाए जाने पर खुशी हुई लेकिन मुझे सुबह पता चला कि मैं खेल रहा हूं इसलिए मैं थोड़ा और उत्साहित था क्योंकि मैं शुक्रवार को ही टीम से जुड़ा था। जिस तरह से मैं रणजी ट्राफी में खेल रहा था, मैं हैदराबाद की कप्तानी भी कर रहा था इसलिए मैं खुद को शांत रखना चाहता था और मैं सिर्फ इस बारे में सोच रहा था कि मैं कैसे दबाव डाल सकता हूं और हमला कर सकता हूं। मैंने जो भी सोचा उसे मैं लागू कर पाया। बेशक मैंने दोपहर तीन बजे पहुंचने के बाद वीडियो देखे। बिना तैयारी के आप मैदान पर नहीं उतर सकते, आखिर यह विश्व कप है।

    अब भी फोन पर है रोनाल्डो का वालपेपर

    सिराज ने बताया कि उनके फोन पर अब भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वालपेपर लगा हुआ है जिसे उन्होंने इंग्लैंड दौरे के दौरान साझा किया था। उन्होंने कहा, वालपेपर अब भी वही है। आपको मानसिक रूप से बहुत तैयार रहना पड़ता है, विशेषकर जब आप विश्व कप में खेल रहे हों। मुझे भारत के लिए खेलते हुए लगभग 10 साल हो गए हैं इसलिए जब आपको मौका मिलता है तो आपको ज्यादा समय की जरूरत नहीं होती।

    यह भी पढ़ें- IND vs USA: सूर्या के तूफान के बाद 'मियां मैजिक', यूएसए के खिलाफ ये खिलाड़ी रहे जीत के हीरो; बचा ली टीम इंडिया की लाज

    यह भी पढ़ें- IND vs USA: गौतम गंभीर के एक मैसेज से पलट गई बाजी, जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने किया खुलासा; बुमराह-सुंदर पर दिया अपडेट