SA vs SL, 1st Test: 100 साल बाद टेस्ट में 14 ओवर से पहले ढेर हुई टीम, श्रीलंका 42 पर ऑलआउट
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन (7 विकेट) की घातक गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने सरेंडर किया। श्रीलंकाई टीम पहले टेस्ट की पहली पारी में केवल 42 रन पर ढेर हो गई और इसी के साथ उसके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। श्रीलंकाई टीम अपने टेस्ट इतिहास के सबसे छोटे स्कोर पर ऑलआउट हुई। दक्षिण अफ्रीका पहले टेस्ट में ड्राइविंग सीट पर है।

नई दिल्ली, जेएनएन। 1924 में इंग्लैंड के विरुद्ध एजबेस्टन में दक्षिण अफ्रीका की टीम 30 रन पर ढेर हो गई थी और तब पारी में केवल 12.3 ओवर फेंके गए थे। अब 100 साल बाद श्रीलंकाई टीम दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध पारी में 13.5 ओवर ही खेल पाई और 42 रन पर ढेर हो गई।
श्रीलंका के इस दयनीय प्रदर्शन के पीछे रहे आलराउंडर मार्को यानसेन, जिन्होंने केवल 13 रन देकर सात विकेट चटकाए और श्रीलंकाई टीम टेस्ट में अपने सबसे न्यूनतम स्कोर पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मेजबान टीम ने पहली पारी में 191 रन बनाए। उसके लिए कप्तान टेंबा बावुमा ने सर्वाधिक 70 रन की पारी खेली।
यानसेन के आगे नहीं टिके बैटर्स
अपने घर पर न्यूजीलैंड को टेस्ट सीरीज में पटखनी देने वाली श्रीलंकाई टीम जब बल्लेबाजी करने उतरी तो यानसेन की स्विंग और गति के आगे टिक नहीं पाई। उसके नौ बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके तो इनमें से पांच तो खाता भी नहीं खोल पाए।
केवल कमिंडु मेंडिस (13) और लाहिरू कुमारा (10) ही दहाई के आंकड़े तक पहुंचे। यानसेन की घातक गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 149 रन की बढ़त ले ली। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन स्टंप्स तक अपनी बढ़त 281 रन की कर ली है जबकि उसके सात विकेट शेष हैं।
यह भी पढ़ें: श्रीलंकाई टीम हुई शर्मसार, अपने ही इतिहास के सबसे कम स्कोर पर हुई ऑलआउट; इस खिलाड़ी ने कराया सरेंडर
मैच का हाल
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 191 रन पर ऑलआउट हुई, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम केवल 42 रन पर ढेर हो गई। दूसरे दिन स्टंप्स तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 40 ओवर में 3 विकेट खोकर 132 रन बनाए। मौजूदा स्थिति को देखा जाए तो दक्षिण अफ्रीका टेस्ट जीतने का प्रबल दावेदार नजर आ रहा है।
टेस्ट में श्रीलंका का न्यूनतम स्कोर
- 42, बनाम द. अफ्रीका, डरबन, 2024
- 71, बनाम पाकिस्तान, कैंडी, 1994
- 73, बनाम पाकिस्तान, कैंडी, 2006
- 81, बनाम इंग्लैंड, कोलंबो, 2001
- 82, बनाम भारत, चंडीगढ़, 1990
- 82, बनाम इंग्लैंड, कार्डिफ, 2011
टेस्ट इतिहास में सबसे कम स्कोर पर ऑलआउट होने वाली टीमें
- न्यूजीलैंड - 26
- दक्षिण अफ्रीका - 30
- दक्षिण अफ्रीका - 30
- दक्षिण अफ्रीका - 35
- दक्षिण अफ्रीका - 36
- ऑस्ट्रेलिया - 36
- भारत - 36
- आयरलैंड - 38
- न्यूजीलैंड - 42
- ऑस्ट्रेलिया - 42
- भारत - 42
- श्रीलंका - 42
- दक्षिण अफ्रीका - 43
खास-खास
- 13.5 ओवर में श्रीलंकाई टीम ऑलआउट हुई इस मैच में। इससे पहले 1924 में दक्षिण अफ्रीका की टीम इंग्लैंड के विरुद्ध एजबेस्टन में 12.3 ओवर में ही ढेर हो गई थी
- 7 विकेट 13 रन पर यानसेन ने लिए जो दक्षिण अफ्रीका की ओर से टेस्ट में तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
यह भी पढ़ें: मार्को यानसेन ने श्रीलंका को टेस्ट इतिहास के सबसे कम स्कोर पर समेटा, दक्षिण अफ्रीका ने की जीत की तैयारी!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।