IND vs NZ Final: Abhishek Sharma ने आलोचकों को दिया करारा जवाब, फाइनल में फिफ्टी जड़ मचाई तबाही
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में आखिरकार अभिषेक शर्मा का बल्ला गरजा। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने अर्धशतक लगाया। ...और पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में आखिरकार अभिषेक शर्मा का बल्ला गरजा। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल से पहले मांग उठ रही थी कि अभिषेक को प्लेइंग 11 से बाहर करना चाहिए। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने लगातार फेल होने के बाद भी उन पर भरोसा जताया और फाइनल जैसे मंच पर भेज दिया। अभिषेक भी टीम मैनेजमेंट के फैसले पर खरे उतरे और उन्होंने तूफानी फिफ्टी लगाई।
शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की ओर से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन मैदान पर उतरे। दोनों ने पहले दो ओवर संभलकर बल्लेबाजी की। इसके बाद तीसरे ओवर में अभिषेक ने हाथ खोले और 2 चौके लगाए। इससे उनका आत्मविश्वास वापस लौटा।
बाद में बेकाबू हुए अभिषेक
इसके बाद तो अभिषेक बेलगाम हो गए। अगले ही ओवर (तीसरे) में अभिषेक ने एक चौका और 1 छक्का जड़ दिया। इसके बाद कीवी गेंदबाज दबाव में साफ नजर आए। वहीं भारतीय जोड़ी ने पावरप्ले का भरपूर लाभ उठाया। अभिषेक 12 गेंदों पर ही 30 रन पर पहुंच गए। 5 ओवर में भारत का स्कोर 72 रन पहुंच गया।
पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया
पावरप्ले के आखिरी ओवर की अभिषेक ने उम्दा शुरुआत की। उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का लगाया। तीसरी गेंद हवा में टंग गई, लेकिन यह फील्डर के हाथ में नहीं आए। एक जीवनदान के बाद भी अभिषेक नहीं रुके और अगली गेंद पर भी उन्होंने हवाई फायर किया। हालांकि, इस गेंद को भी कोई फील्डर नहीं पकड़ पाया। 5वीं गेंद पर चौका जड़ अभिषेक ने 18 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए।
वाइड गेंद पर आउट हुए अभिषेक
98 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। रचिन रविंद्र की वाइड बॉल को खेलने के प्रयास में उन्होंने विकेटकीपर टिम सीफर्ट को कैच थमा दिया। अभिषेक ने 21 गेंदों पर 52 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। टी20 विश्व कप 2026 में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 55 रन की पारी खेली थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।