'मैं माफी चाहता हूं', इंग्लैंड के स्टार ओपनर ने IPL 2026 से नाम लिया वापस; बैन का मंडराया खतरा
इंग्लैंड के बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। बेन डकेट आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले थे। ...और पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने आईपीएल 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स को अपने फैसले की जानकारी दी।
डकेट को आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। वो केएल राहुल के साथ ओपनिंग करने के प्रमुख दावेदार थे। हालांकि, डकेट ने आगामी सीजन में हिस्सा नहीं लेने का फैसला लिया।
बैन का खतरा
बेन डकेट को आईपीएल 2026 से हटने का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन पर दो साल का प्रतिबंध लग सकता है। ऐसे में डकेट आईपीएल 2027 और 2028 सीजन खेलने के लिए योग्य नहीं रहेंगे। बता दें कि बेन डकेट ने अपने फैसले की जानकारी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये साझा की।
इंस्टाग्राम पर दी जानकारी
मैंने आईपीएल से हटने का कड़ा फैसला लिया है। मैंने काफी सोचा और यह फैसला लेना आसान नहीं था। बचपन से ही इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने का मैंने सपना देखा था और मैं इंग्लिश क्रिकेट को अपना सबकुछ देना चाहता हूं। इसके लिए मुझे सुनिश्चित करने की जरूरत है कि आगामी सीजन से पहले शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहूं।
बेन डकेट की इंस्टा स्टोरी
मैं दिल्ली में सभी से माफी मांगना चाहता हूं। मैं फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने के लिए बेहद उत्साहित था और मैं स्क्वाड को तैयार करने में लगे समय व योजना की तारीफ करता हूं। मैं माफी चाहता हूं कि मेरे फैसले से कोई अड़चन आए। मैं सभी फैंस से भी माफी चाहता हूं क्योंकि जानता हूं कि दिल्ली में सभी के लिए यह कितने मायने रखता है।
बेन डकेट
क्यों लिया फैसला?
बेन डकेट के आईपीएल 2026 से नाम वापस लेने का प्रमुख कारण हाल ही में संपन्न एशेज सीरीज में खराब प्रदर्शन रहा। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 10 पारियों में केवल 202 रन बनाए। उनकी औसत 20.20 की रही।
इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के हाथों एशेज सीरीज में 1-4 की शिकस्त सहनी पड़ी थी। डकेट अब जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में क्रिकेट एक्शन में नजर आ सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।