ICC ने चुनी अंडर-19 विश्व कप की बेस्ट टीम, वैभव सूर्यवंशी समेत 3 भारतीय को दी जगह; कप्तान आयुष म्हात्रे 'आउट'
अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार खिताब जीता था। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की श ...और पढ़ें
-1770552616042_m.webp)
वैभव ने खेली तूफानी पारी।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने हाल ही में खत्म हुए आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2026 के लिए टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम की घोषणा की है। भारत के तीन खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी, कनिष्क चौहान और हेनिल पटेल को इस टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड के तीन खिलाड़ियों को भी 12 सदस्यीय टीम में स्थान दिया गया है। अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार खिताब जीता था।
175 रनों की पारी खेली
इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की शानदार पारी खेलने वाले सूर्यवंशी को टूर्नामेंट में 439 रनों के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। फाइनल में 175 रनों की पारी के दौरान सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड बनाए। वे अंडर-19 विश्व कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
उन्होंने 15 छक्के लगाकर ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के 12 छक्कों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। कनिष्क चौहान ने बल्ले और गेंद दोनों से लगातार महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं हेनिल पटेल ने टूर्नामेंट में 11 विकेट चटकाए। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने पंजा खोला था।
इंग्लैंड के भी 3 प्लेयर
उपविजेता इंग्लैंड के तीन खिलाड़ी टीम में शामिल हैं। इनमें थॉमस रेव को कप्तान और विकेटकीपर नियुक्त किया गया है। रेव ने 66 के औसत से 330 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में मैच उन्होंने शतक लगाया। मैनी लम्सडेन ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 16 विकेट लिए। बेन मेस ने पूरे टूर्नामेंट में 444 रन बनाए। उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 191 रन की पारी खेली थी।
अफगानिस्तान की ओर से फैसल खान शिनोजादा और नूरिस्तानी उमरजई शामिल हैं। फैसल ने आयरलैंड और भारत के खिलाफ लगातार शतक लगाकर टूर्नामेंट का समापन किया, जबकि नूरिस्तानी ने तंजानिया के खिलाफ 9 रन देकर 5 विकेट सहित कुल 14 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ओलिवर पीक ने भी दो शतक बनाए। पाकिस्तान के अली रजा और वेस्टइंडीज के विटेल लॉज टीम में शामिल हैं। रजा ने 13.92 की औसत से 13 विकेट लिए, जबकि जमैका के बाएं हाथ के स्पिनर लॉज ने पांच मैचों में 10 विकेट लिए।
आईसीसी ने चुनी टीम ऑफ द टूर्नामेंट
- वैभव सूर्यवंशी (भारत)
- वीरन चामुदिता (श्रीलंका)
- फैसल खान शिनोजादा (अफगानिस्तान)
- थॉमस रेव (विकेटकीपर, कप्तान) (इंग्लैंड)
- ओलिवर पीक (ऑस्ट्रेलिया)
- बेन मेस (इंग्लैंड)
- कनिष्क चौहान (भारत)
- नूरिस्तानी उमरजई (अफगानिस्तान)
- विटेल लॉज (वेस्टइंडीज)
- अली रजा (पाकिस्तान)
- मैनी लम्सडेन (इंग्लैंड)
- हेनिल पटेल (भारत)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।