श्रेयस अय्यर के लिए 'अग्नि परीक्षा' होगी आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज, Vaibhav Suryavanshi पर रहेंगी निगाहें
आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज नए कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए बड़ी परीक्षा होने वाली है। इस सीरीज में वैभव सूर्यवंशी पर भी निगाहें रहने वाली हैं ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी-श्रेयस अय्यर
HighLights
भारत और आयरलैंड के बीच होगी टी20 सीरीज
श्रेयस अय्यर के लिए होगी बड़ी परीक्षा
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अफगानिस्तान के विरुद्ध वनडे सीरीज में शानदार शुरुआत करने के बाद भारतीय टीम अब अगले दौरे के लिए तैयार है। भारतीय टीम इसी महीने आयरलैंड का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज पर सभी की निगाहें इसलिए भी रहेंगी, क्योंकि भारतीय टीम पहली बार नए टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में मैदान पर उतरेगी।
कप्तान बनने के बाद यह अय्यर की पहली टी-20 सीरीज होगी। ऐसे में इसे उनकी कप्तानी की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। इस दौरे के लिए भारतीय खिलाड़ी मंगलवार को, जबकि कोच बुधवार को रवाना हो सकते हैं। श्रेयस अय्यर को ऐसे समय में टीम की कमान सौंपी गई है जब भारत हाल के वर्षों में टी-20 क्रिकेट में बेहद सफल रहा है।
श्रेयस अय्यर पर रहेगा दबाव
पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी आक्रामक सोच और प्रभावशाली नेतृत्व से टीम को नई पहचान दिलाई। उनकी कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया और लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए इस प्रारूप में दबदबा बनाए रखा। ऐसे में स्वाभाविक रूप से अय्यर पर अपेक्षाओं का दबाव रहेगा। प्रशंसकों और क्रिकेट विशेषज्ञों की नजर इस बात पर होगी कि वह टीम को किस दिशा में ले जाते हैं और कप्तान के रूप में अपने फैसलों से कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।
टीम संयोजन को लेकर लेने पड़ सकते हैं फैसले
कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने केवल कप्तानी का दबाव ही नहीं होगा, बल्कि टीम संयोजन को लेकर भी उन्हें कई अहम फैसले लेने पड़ सकते हैं। सबसे बड़ी चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है, जिन्होंने हाल के समय में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। यदि उन्हें अंतिम एकादश में मौका दिया जाता है तो यह देखना होगा कि वह किस खिलाड़ी की जगह टीम में शामिल होते हैं।
खबरें और भी
भारतीय टीम के पास शीर्ष क्रम में कई मजबूत विकल्प मौजूद हैं। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज पहले से ही टॉप-3 में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में अंतिम एकादश का चयन आसान नहीं होगा। टीम प्रबंधन को अनुभव और युवा प्रतिभा के बीच सही संतुलन बनाना होगा। आयरलैंड के विरुद्ध यह छोटी सीरीज भले ही दो मैचों की हो, लेकिन श्रेयस अय्यर के लिए यह नेतृत्व क्षमता साबित करने का बड़ा अवसर होगा।
फॉर्म में हैं तिलक वर्मा
भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के विरुद्ध वनडे त्रिकोणीय सीरीज में उन्होंने भारत-ए की तरफ से बल्ले से लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कई अहम पारियां खेलीं। उनकी कप्तानी में टीम ने खिताब भी जीता।
तिलक ने सीरीज के पांच वनडे मैचों में 74.93 के स्ट्राइक रेट से कुल 275 रन बनाए। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भारतीय खिलाड़ियों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनके निरंतर प्रदर्शन ने टीम की सफलता में बड़ा योगदान दिया और एक बार फिर उनकी बल्लेबाजी क्षमता को साबित किया।
आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।