Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    T20 World Cup 2026: क्रिकेट के मैदान में भिड़ेंगे फुटबॉल खेलने वाले देश, ईडन गार्डेंस में आज इटली-स्काटलैंड की टक्‍कर

    By Vishal ShresthaEdited By: Rajat Gupta
    Updated: Mon, 09 Feb 2026 07:00 AM (IST)

    इटली-स्कॉटलैंड टी-20 विश्व कप में भिड़ेंगे। सोमवार को ईडन गार्डेंस स्टेडियम में दोनों आमने-सामने होंगे, जहां दोनों ओर गोल पोस्ट की जगह विकेट लगे होंगे ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    तीसरे दिन खेले जाएंगे 3 मैच।

    विशाल श्रेष्ठ, जागरण कोलकाता: इटली-स्कॉटलैंड की बात होने पर लगता है कि फीफा विश्व कप अथवा यूरो कप का कोई मुकाबला होने जा रहा है, लेकिन इस बार प्रमुखत: फुटबॉल खेलने वाले यूरोप के ये दो देश टी-20 विश्व कप में भिड़ेंगे। सोमवार को ईडन गार्डेंस स्टेडियम में दोनों आमने-सामने होंगे, जहां दोनों ओर गोल पोस्ट की जगह विकेट लगे होंगे और उनके खिलाड़ियों को पैरों के बदले हाथों से कमाल दिखाना होगा।

    इटली ने वार्मअप मैचों में कनाडा, यूएई व आयरलैंड को हराकर सबको प्रभावित किया है। दूसरी तरफ, स्काटलैंड को वॉर्मअप मैचों में अफगानिस्तान व नामीबिया से हार झेलनी पड़ी और मुख्य टूर्नामेंट के पहले मैच में वेस्टइंडीज ने भी उसे 35 रनों से हरा दिया। इटली ने अब तक 18 बार फीफा विश्व कप खेले हैं और चार बार चैंपियन भी रही है।

    हालांकि, टी-20 विश्व कप वह पहली बार खेल रही है। दूसरी तरफ स्काटलैंड नौ बार फीफा विश्व कप खेल चुकी है और यह उसका आठवां टी-20 विश्व कप भी है। इटली-स्काटलैंड के बीच अब तक दो अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच हुए हैं। दोनों ने एक-एक जीता है। पिछला मैच इटली ने 12 रनों से जीता था।

    कनाडा के विरुद्ध दम दिखाने उतरेगा दक्षिण अफ्रीका

    दक्षिण अफ्रीका को खिताब के लिए चुनौती पेश करनी है तो सोमवार को कनाडा के विरुद्ध टी-20 विश्व कप में अपना अभियान शुरू करते हुए अपने हालिया फार्म से बेहतर प्रदर्शन करना होगा। कनाडा के पास मैच अभ्यास की कमी है, लेकिन टीम मजबूत छाप छोड़ने की कोशिश कर रही है। रेयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स मूल टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन डोनावन फेरेरा और टोनी डि जार्जी के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिली है।

    केशव महाराज स्पिन आक्रमण की अगुआई करेंगे। बल्लेबाजी विभाग में क्विटन डिकॉक और डेवाल्ड ब्रेविस पर नजरें रहेंगी। दूसरी ओर कनाडा ने पिछले चार महीने में शीर्ष स्तर का अधिक क्रिकेट नहीं खेला है। टीम अपना लगातार दूसरा टी-20 विश्व कप खेल रही है जिसमें 23 साल के दिलप्रीत बाजवा ने निकोलस किर्टन से कप्तानी संभाली है।

    जिंबाब्वे के पास खुद को साबित करने का मौका

    टी-20 विश्व कप में जिंबाब्वे का सामना ओमान से होगा। यह मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। पिछले टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाने के बाद जिंबाब्वे के पास खुद को साबित करने का मौका है। कप्तान सिकंदर रजा और विकेटकीपर ब्रेंडन टेलर जैसे कई जाने-पहचाने चेहरे टीम का हिस्सा हैं लेकिन टीम के सबसे युवा खिलाड़ी 22 वर्षीय ब्रायन बेनेट ने जिंबाब्वे को अफ्रीकी क्वालीफायर में आगे ले जाने में बड़ी भूमिका निभाई।

    बेनेट अपने घरेलू मैदान पर बेहतरीन फार्म में थे। उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक लगाकर जिंबाब्वे की विश्व कप में जगह सुनिश्चित की। वहीं, ओमान टी-20 टूर्नामेंट में चौथी बार हिस्सा ले रहा है। अपने पिछले तीन में से दो टूर्नामेंट में ओमान ने जीत हासिल की है, जिसमें 2016 में अपने पहले ही मैच में आयरलैंड को हराना भी शामिल है। जतिंदर सिंह टीम की कप्तानी और पारी का आगाज करेंगे और उन्हें उप कप्तान तथा विकेटकीपर विनायक शुक्ला से काफी समर्थन मिलेगा।

    यह भी पढ़ें- IND vs NAM: दूसरे मुकाबले के लिए दिल्‍ली पहुंची भारतीय टीम गई कोच गौतम गंभीर के घर, नामीबिया से इस दिन टक्‍कर- Video

    यह भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: किस्मत से मिले मौके को सिराज ने दोनों हाथों से लपका, दूसरे मैच से पहले किए बड़े खुलासे