बाकियों को मौका, मेरे बेटे को..., Washington Sundar के पिता ने सेलेक्टर्स पर निकाली भड़ास; जानें क्या-क्या कह दिया
मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ कराने में रवींद्र जडेजा के अलावा वॉशिंगटन सुंदर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। सुंदर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। मुकाबले के बाद सुंदर के पिता एम. सुंदर ने भारतीय सिलेक्टर्स पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने वॉशिंगटन को नेशनल टीम में लगातार मौके न मिलने पर गहरी निराशा व्यक्त की। उन्होंने आईपीएल फ्रेंचाइजी को भी लपड़े में ले लिया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ कराने में रवींद्र जडेजा के अलावा वॉशिंगटन सुंदर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। इस बाएं हाथ की जोड़ी ने अपना-अपना शतक पूरा किया और मैच को ड्रॉ तक पहुंचा दिया। सुंदर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। मुकाबले के बाद सुंदर के पिता एम. सुंदर ने भारतीय सिलेक्टर्स पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने वॉशिंगटन को नेशनल टीम में लगातार मौके न मिलने पर गहरी निराशा व्यक्त की।
मौके मिलने चाहिए
सुंदर के पिता ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, "वॉशिंगटन लगातार बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हालांकि, लोग उसके प्रदर्शन को नजरअंदाज कर देते हैं और भूल जाते हैं। दूसरे खिलाड़ियों को नियमित मौके मिलते हैं, सिर्फ मेरे बेटे को नहीं मिलते।"
उन्होंने कहा, "वॉशिंगटन को लगातार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए, जैसा उसने चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में किया था और उसे लगातार पांच से दस मौके मिलने चाहिए। हैरानी की बात है कि मेरे बेटे को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए नहीं चुना गया। चयनकर्ताओं को उसके प्रदर्शन पर नजर रखनी चाहिए।"
2021 में किया टेस्ट डेब्यू
2017 में इंटरनेशन डेब्यू करने वाले सुंदर ने 2021 में टेस्ट पदार्पण किया। उन्होंने अब तक खेले 12 टेस्ट की 22 पारियों में 4 अर्धशतक और 1 शतक की मदद से 673 रन बनाए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने 3 विकेट भी चटकाए हैं। बल्लेबाजी में उनकी औसत 44.86 की रही है।
वापसी में लग गए 3 साल
सुंदर के पिता ने कहा, "मेरे बेटे को एक-दो मैचों में नाकाम रहने पर भी बाहर कर दिया जाता है। यह उचित नहीं है। वॉशिंगटन ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में टर्निंग पिच पर नाबाद 85 रन और उसी साल अहमदाबाद में उसी टीम के खिलाफ 96* रन बनाए थे।"वॉशिंगटन को टेस्ट टीम में वापसी करने में लगभग तीन साल लग गए। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज के चौथे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह मिली।
एम. सुंदर ने वॉशिंगटन की आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनके बेटे की मैच जिताने की क्षमता के बावजूद उन्होंने उसका कम इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, "यहां तक कि उनकी मौजूदा टीम भी उन्हें नियमित मौके नहीं देती। उन्होंने आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 24 गेंदों पर 48 रन बनाकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल का कितना समर्थन किया है। वॉशिंगटन घरेलू क्रिकेट में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।