BAN vs AUS: स्पेंशर जॉनसन ने ऑस्ट्रेलिया के टी20 क्रिकेट के इतिहास को पलटा, कंगारुओं ने बांग्लादेश का पहली बार किया सूपड़ा साफ
बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है। इसी के साथ कंगारू टीम ने बांग्लादेश का उनके घर में क्लीन स्वीप कर दिया है। ...और पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराया
HighLights
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी20 में बांग्लादेश को हराया
स्पेंशर जॉनसन ने रचा इतिहास
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश का किया क्लीन स्वीप
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मिचेल मार्श की कप्तानी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने चट्टोग्राम में खेले गए तीसरे टी20 मैच में बांग्लादेश को 7 विकेट से हरा दिया है। मार्श के शानदार अर्धशतक से पहले तेज गेंदबाज स्पेंशर जॉनसन ने कमाल की गेंदबाजी की और मात्र 6 रन खर्च कर 2 विकेट हासिल किए। इसी के साथ वे ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे बेहतरीन स्पेल डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 109 रन बनाए। इस लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 11 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। कंगारू टीम ने इसके साथ ही बांग्लादेश का उनके घर में पहली बार टी20 सीरीज में व्हाइट वॉश किया है। इससे पहले कभी भी ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज नहीं जीती थी।
बांग्लादेश की फ्लॉप रही बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश 109 रन ही बना सकी। उनका पहले बैटिंग करने का फैसला उन्हीं पर भारी पड़ गया। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कमाल की बॉलिंग की और मेजबान टीम को 109 रनों पर रोक दिया। स्पेंशर जॉनसन ने कहर बरपाती गेंदबाजी की और 4 ओवर में मात्र 6 रन खर्च कर 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा नाथन एलिस और एडम जैंपा को भी 2-2 सफलता मिली।
स्पेंशर जॉनसन ने बनाया रिकॉर्ड
जॉनसन ने अपने स्पेल के दौरान मात्र 6 रन खर्च किए। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 1.5 की रही। वे ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे बेहतरीन इकोनॉमी के साथ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने पिछले 21 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला टी20 मैच 2005 में खेला था और उसके बाद से अब तक कोई भी गेंदबाज इतनी किफायती गेंदबाजी नहीं कर सका है।
खबरें और भी
मिचेल मार्श की कप्तानी पारी
110 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए मिचेल मार्श ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों पर 60 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी ताबड़तोड़ पारी का नतीजा रहा कि टीम ने 11 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसी के साथ उन्होंने सीरीज के तीनों मुकाबलों को अपने नाम कर लिया है और बांग्लादेश का सूपड़ा साफ कर दिया है।