Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    BAN vs PAK: नाहिद राणा की रफ्तार के सामने पाकिस्‍तान ने टेके घुटने, बांग्‍लादेश ने पहले वनडे में की 'बेइज्‍जती'

    Updated: Wed, 11 Mar 2026 05:54 PM (IST)

    तंजीद हसन तमीम के नाबाद अर्धशतक और नाहिद राणा के पंजे की बदौलत बांग्‍लादेश ने पाकिस्‍तान को 3 वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में 8 विकेट से करारी ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    बांग्‍लादेश ने जीता मुकाबला।

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तंजीद हसन तमीम (67) के नाबाद अर्धशतक और नाहिद राणा के पंजे की बदौलत बांग्‍लादेश ने पाकिस्‍तान को 3 वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में 8 विकेट से करारी शिकस्‍त दी। टी20 विश्‍व कप से बाहर होने के बाद पाकिस्‍तान की यह शर्मनाक हार है।

    ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान टीम 30.4 ओवर में 114 रन पर सिमट गई थी। 115 रन के टारगेट को बांगलदेश ने 16वें ओवर में 2 विकेट खोकर ही चेज कर लिया और सीरीज में बढ़त बनाई।

    पाकिस्‍तान टीम सस्‍ते में सिमटी

    पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान को साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर पाकिस्‍तान को पहला झटका लगा। नाहिद राण ने साहिबजादा (27) को अफीफ हुसैन के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद राणा ने पाकिस्‍तान के टॉप ऑर्डर को ढेर कर दिया। 12वें ओवर में उन्‍होंने शमील हुसैन (4) का शिकार किया।

    14वें ओवर में उन्‍होंने माज सदाकत (18) और 16वें ओवर में विकेटकीपर मोहम्‍मद रिजवान (10) को लिटन दास के हाथों कैच आउट कराया। 18वें ओवर में राणा ने सलमान अली आगा (5) को पवेलियन भेजा। पाकिस्‍तान की ओर से लोअर ऑर्डर में उतरे फहीम अशरफ ने सबसे ज्‍यादा 37 रन की पारी खेली। नाहिद राणा ने 5 तो कप्‍तान मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट अपने नाम किए।

    आसानी से चेज किया टारगेट

    115 रन चेज करने उतरी बांग्‍लादेश को 27 के स्‍कोर पर पहला झटका लगा। शाहीन अफरीदी ने सैफ हसन का विकेट चटकाया। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और नजमुल हुसैन शांतो के बीच दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों पर 82 रनों की पार्टनरशिप हुई। जीत के करीब आकर शांतो कैच आउट हो गए। उन्‍होंने 33 गेंदों पर 27 रन बनाए। तंजीद ने 42 गेंदों पर 67 रन की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान उन्‍होंने 7 चौके और 5 छक्‍के लगाए।

    लिटन दास 3 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्‍तान की ओर से कप्‍तान शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्‍मद वसीम जूनियर को 1-1 सफलता मिली। इस जीत के साथ ही बांग्‍लादेश ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा वनडे मैच शुक्रवार, 13 मार्च को ढाका में ही खेला जाएगा। 

    यह भी पढ़ें- BAN vs PAK: बांग्‍लादेश के बुमराह बनेंगे Nahid Rana? वर्ल्‍ड कप के बाद पाकिस्‍तानियों की फजीहत करते हुए मारा 'पंजा'

    यह भी पढ़ें- BAN vs PAK 1st ODI Live Streaming: कब, कहां और कैसे देख सकते हैं बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान का पहला वनडे मैच लाइव?