Trending

    ENG U19 vs AUS U19: ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, कप्तान के शतक के बाद गेंदबाजों ने दिखाया कमाल

    Updated: Tue, 03 Feb 2026 09:40 PM (IST)

    इंग्लैंड अंडर-19 टीम ने बुलवायो में ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बनाई। कप्तान थॉमस रियू के शानदार 110 रनों ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    इंग्लैंड ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में बनाई जगह

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने मंगलवार को बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स पार्क मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से मात देकर अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 के फाइनल में जगह बना ली है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान थॉमस रियू के 110 रनों के बूते 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 277 रनों का स्कोर खड़ा किया। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम 47.3 ओवरों में 250 रन बनाकर ढेर हो गई।

    ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान ओलिवर पीक ने लड़ाई लड़ी, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। उन्हीं के रूप में ऑस्ट्रेलिया ने अपना आखिरी विकेट खोया और फाइनल की रेस से बाहर हो गई। पीक ने 88 गेंदों का सामना कर 10 चौके और एक छ्क्के की मदद से 10 रनों की पारी खेली। वहीं इंग्लैंड के कप्तान ने 107 गेंदों का सामना कर 14 चौके और एक छक्का मारा।

    शुरू से लड़खड़ा गई पारी

    ऑस्ट्रेलिया के सामने कोई ज्यादा बड़ा टारगेट नहीं था, लेकिन ये टीम लगातार विकेट खोती रही और मैच हार गई। टीम ने अपना पहला विकेट विल मालाजुक के रूप में खोया जो 15 रन बनाकर 32 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। फिर स्टीव होगन भी तीन रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। नितेश सैमुअल ने 47 और पीक ने फिर टीम को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की। 109 के कुल स्कोर पर सैमुअल भी आउट हो गए। उन्होंने 83 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन बनाए।

    अकेले लड़ते रहे पीक

    यहां से फिर पीक अकेले लड़ते रहे। बीच में आर्यन शर्मा ने उनका कुछ देर साथ दिया, लेकिन ये साथ टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी। आर्यन ने 23 गेंदों पर 34 रन बनाए। आर्यन के रूप में ऑस्ट्रेलिया ने अपना छठा विकेट खोया। पीक ने अंत में कुछ हाथ दिखाए जिससे मैच में थोड़ा रोमांच आया। हालांकि, उनके सभी प्रयास असफल रहे।

    इंग्लैंड के लिए सेबास्टियन मोर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लमसडेन, रॉल्फी अल्बर्ट ने दो-दो विकेट लिए। एलेक्स फ्रेंच और फरहन अहमद के हिस्से भी एक-एक विकेट आया।

    इंग्लैंड को भी मिली खराब शुरुआत

    पहली पारा खेलने वाली इंग्लैंड को भी अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी। उसने अपने तीन विकेट 60 रनों के निजी स्कोर पर खो दिए थे। बेन डॉकिंग्स (1), जोसेफ मूरस (25), बेन मायेस (24) जल्दी आउट हो गए। यहां से फिर कप्तान थॉमस ने मोर्चा संभाला और लड़ाई लड़ी। कैलेब फॉल्कनर ने उनका साथ दिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी हुई। 195 के कुल स्कोर पर फॉल्कनर 40 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद थॉमस को अकेले लड़ाई लड़नी पड़ी।

    ऑस्ट्रेलिया के लिए हेडन शिलर, नाडेन कूरे ने दो-दो विकेट लिए। विल बायरोम और आर्यन के हिस्से एक-एक विकेट आया।