T20 World Cup Warm Up Match: जगदीशन के तूफानी शतक के बाद गेंदबाजों का कमाल, इंडिया-ए ने अमेरिका को दी पटखनी
नारायण जगदीशन के शानदार शतक (104) और कप्तान आयुष बडोनी की नाबाद 60 रनों की पारी की बदौलत इंडिया-ए ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्मअप मैच में अमेरिका को ...और पढ़ें

इ़ंडिया-ए ने अमेरिका को दी मात
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। नारायण जगदीशन के 104 रन और कप्तान आयुश बडोनी की नाबाद 60 रनों की पारी के बाद गेंदबाजों के दम पर इंडिया-ए ने सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप-2026 के वार्मअप मैच में अमेरिका को 38 रनों से हरा दिया। इंडिया-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अमेरिकी टीम दो गेंद पहले 200 रनों पर ही ढेर हो गई।
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में जगदीशन ने अपनी पारी में 55 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और पांच छक्के मारे। बडोनी ने 26 गेंदों पर छह चौके और चार छक्कों की मदद से तूफानी पारी खेल भारत का विशाल स्कोर दिलाया।
अमेरिका ने लड़ी लड़ाई
अमेरिका विश्व क्रिकेट में कोई बड़ी टीम नहीं है और न ही उसके पास कोई वर्ल्ड क्लास क्रिकेटर हैं। फिर भी इस टीम ने लगातार प्रभावित किया है। साल 2024 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में इस टीम ने अपना जुझारूपन दिखाया था और इस मैच में भी वही देखने को मिला।
टीम ने कप्तान मोनाक पटेल (10) और साइतेजा मुक्कामल्ला (0) के रूप में अपने शुरुआती दो विकेट जल्दी खो दिए। फिर सलामी बल्लेबाज एंड्रियास गौस और मिलिंद कुमार ने टीम को संभालने की कोशिश की। मिलिंद नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर रवि बिश्नोई का शिकार हुए। वह 18 रन ही बना पाए। उनका विकेट 72 के कुल स्कोर पर गिरा। तीन रन बाद ही एंड्रियास गौस की 44 रनों की पारी भी खत्म हो गई। उनको तिलक वर्मा ने अपना शिकार बनाया।
अंत में संजय कृष्णामूर्ति ने 18 गेंदों पर 41 रन बना इंडिया-ए के लिए परेशानी खड़ी की। 16वें ओवर की पहली गेंद पर खलील अहमद ने उन्हें अपना शिकार बनाया। शुभम रंजन (28), हरमीत सिंह (25), मोहम्मद मोहसिन (21) ने आखिरी में लड़ाई लड़ी, लेकिन सफल नहीं हो सके।
इंडिया के लिए बिश्नोई ने तीन, खलील अहमद और नमन धीर ने दो-दो विकेट लिए। अशोक शर्मा और तिलक वर्मा के हिस्से एक-एक विकेट आया।
भारत की दमदार पारी
इससे पहले, पहली पारी खेलने उतरी टीम इंडिया ने शुरू से ही अमेरिकी टीम पर हमले जारी रखे। प्रियांश आर्या ने छोटी लेकिन तूफानी पारी खेली। उन्होंने 13 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए। चोट से वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने फिर नारायरण जगदीशन का साथ दिया। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 113 रनों की साझेदारी की। तिलक 24 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हो गए।
फिर बडोनी ने जगदीशन का साथ दिया। इस जोड़ी ने 35 गेंदों पर 73 रनों की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर जगदीशन की पारी का अंत भी हो गया। उन्हें अली खान ने मोहसिन के हाथों कैच कराया। बडोनी नाबाद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।