SL U19 vs IND U19: कांटे की टक्कर में बाजी मार ले गया श्रीलंका, तीसरे वनडे में भारत को हराकर सीरीज पर जमाया कब्जा
श्रीलंका अंडर-19 टीम ने इंडिया अंडर-19 टीम को 1 विकेट से हराकर 3 वनडे मैचों की अनऑफिशियल सीरीज 2-1 से अपने नाम की। ...और पढ़ें

विनीत का शतक गया बेकार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में गुरुवार को श्रीलंका अंडर-19 टीम ने इंडिया अंडर-19 टीम को 1 विकेट से हराकर 3 वनडे मैचों की अनऑफिशियल सीरीज 2-1 से अपने नाम की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने वीके विनीत के शतक की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 290 रन बनाए थे। 291 रन के टारगेट को श्रीलंका ने 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर चेज कर लिया।
सलामी जोड़ी नहीं चली
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और सलामी जोड़ी बड़ा स्कोर नहीं कर पाई। कप्तान यशवर्धन चौहान ने 6 और विकेटकीपर रजत बघेल ने 8 रन बनाए। इसके बाद वीके विनीत ने लक्ष्य राजेश रायचंदानी के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 117 गेंदों पर 108 रन जोड़े।
विनीत ने लगाया शतक
27वें ओवर में कविजा गमागे ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा। उन्होंने लक्ष्य को जेसन फर्नांडो के हाथों कैच आउट कराया। लक्ष्य ने 7 चौकों की मदद से 63 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। वीके विनीत ने शतक लगाया। उन्होंने 136 गेंदों का सामना किया और 131 रन बनाए। अपनी स पारी के दौरान भारतीय बल्लेबाज ने 13 चौके और 3 छक्के भी लगाए।
इसके बाद कुशाग्र ओझा ने 3, अर्जुन राजपूत ने 14, शाविन विनोद ने 26, मोहित उल्वा ने नाबाद 19 और अनमोलजीत सिंह ने 4 रन की पारी खेली। सेथमिका सेनेविरात्ने के खाते में 4 विकेट आए। उनके अलावा गिमहान मेंडिस को 2 सफलताएं मिलीं।
खबरें और भी
12वें ओवर में 2 झटके
291 रन चेज करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत औसत रही। 21 के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा। शाविन विनोद ने रेहान पेइरिस (4) को बोल्ड किया। 12वें ओवर में मोहित ने श्रीलंका को 2 झटके दिए। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने दिमंथा महाविथाना को रोहित यादव के हाथों कैच आउट कराया। चौथी गेंद पर कप्तान विमथ दिनसारा को पवेलियन भेजा।
जेसन डक पर आउट
इसके बाद कविजा गमागे ने 29 रन बनाए। 3 नंबर पर उतरे सेनूजा वेकुनागोडा ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 59 गेंदों पर 67 रन की पारी खेली। किथमा विथानापाथिराना के बल्ले से 31 रन निकले तो जेसन फर्नांडो गोल्डन डक पर आउट हुए। अनमोलजीत सिंह ने सेथमिका सेनेविरात्ने को कॉट एंड बोल्ड आउट किया।
गिमहान मेंडिस ने 22 गेंदों पर 23 अहम रन बनाए। चमिका हीनातिगाला अंत तक डटे रहे और श्रीलंका को जीत दिला दी। उन्होंने 68 गेंदों पर 84 रन की पारी खेली। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 11 रन बनाने थे। चमिका ने दूसरी गेंद पर चौका और 5वीं गेंद पर सिक्स लगाया।
आखिरी गेंद पर 1 रन लेकर उन्होंने श्रीलंका की जीत पर मुहर लगा दी। भारत की ओर से अनमोलजीत सिंह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। शाविन विनोद को 3 और मोहित उल्वा को 2 सफलताएं मिलीं।
यह भी पढ़ें- श्रीलंका में आया राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का तूफान, पिता की तरह संकट में टीम को बचाया; ठोकी तूफानी फिफ्टी