SL vs IRE: मेंडिस के तूफान और तीक्ष्णा-हसरंगा की फिरकी में फंसा आयरलैंड, मेजबान श्रीलंका का विजयी आगाज
श्रीलंका और आयरलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला कोलंबो में खेला गया। इस मुकाबले में मेजबान टीम ने 20 रनों से जीत हासिल की और टूर्नामेंट का ज ...और पढ़ें

श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रनों से हराया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कमिंदु मेंडिस की अंत के ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी के बाद महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा की शानदार गेंदबाजी की वजह से श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रनों से हरा दिया है। इस मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए थे और आयरिश टीम के खिलाफ लड़ने लायक स्कोर खड़ा किया था। सह-मेजबान श्रीलंका ने टूर्नामेंट का जीत के साथ आगाज किया है।
आयरलैंड ने एक समय पर मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया था लेकिन अंत के ओवरों में कमिंदु मेंडिस की धुंआधार बैटिंग से श्रीलंका ने 163 रनों का स्कोर खड़ा किया और आयरलैंड को जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य को आयरलैंड हासिल नहीं कर सकी और उनकी टीम 143 रनों पर सिमट गई, जिसकी वजह से श्रीलंका ने मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका की बल्लेबाजी
अपने होमग्राउंड पर बैटिंग करने के लिए उतरी श्रीलंका टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। लंका की टीम एक समय पर मुश्किल में दिखाई दे रही थी और उन्होंने 86 रनों पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ऐसा लग रहा था कि वे 150 रनों के आंकड़ों को भी पार नहीं कर सकेंगे और आयरलैंड की टीम मुकाबले में आगे चल रही थी लेकिन कमिंदु मेंडिस ने आयरिश गेंदबाजों के सपने पर पानी फेर दिया।
कमिंदु ने अंत में तेज तर्रार बैटिंग करते हुए 19 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा कुसल मेंडिस ने भी कमाल कर दिखाया और उन्होंने 43 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से नाबाद 56 रनों की पारी खेली। इस तरह से श्रीलंका ने 163 रनों का स्कोर खड़ा किया। आयरलैंड के लिए बैरी मकार्थी और जॉर्ज डॉकरल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
आयरलैंड की पारी
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरिश टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उन्होंने 26 रनों पर पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद श्रीलंका ने रॉस आदिर को आउट कर आयरलैंड को दूसरा झटका दे दिया। आयरलैंड के लिए सबसे अधिक हैरी टेक्टर ने 34 गेंदों पर 40 रन बनाए। तो वहीं श्रीलंका के लिए स्पिनर महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा ने कमाल की गेंदबाजी की। तीक्ष्णा ने 4 ओवर में 23 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। हसरंगा ने भी अपने 4 ओवर के स्पेल में 23 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए और इसी के साथ श्रीलंका की जीत सुनिश्चित की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।