आनंद विहार स्टेशन पर छठ यात्रियों की भारी भीड़, फुटओवर ब्रिज पर भी लगा जाम
पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर छठ पर्व के चलते यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। स्टेशन को मेट्रो और बस अड्डे से जोड़ने वाले फुटओवर ब्रिज पर जाम लग गया। आरपीएफ और जीआरपी ने अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर व्यवस्था संभाली। रेलवे सूत्रों के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में शुक्रवार को डेढ़ लाख से अधिक यात्री स्टेशन पहुंचे।

आनंद विहार स्टेशन पर छठ यात्रियों की भारी भीड़
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को यात्रियों की भारी उमड़ पड़ी। छठ पर्व मनाने के लिए अपने शहर व गांव जाने वालों का तांता लगा रहा। दोपहर करीब 12:30 बजे हालात ऐसे बने कि स्टेशन से मेट्रो स्टेशन और बस अड्डे को जोड़ने वाले फुटओवर ब्रिज पर करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति रही।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरपीएफ, जीआरपी ने अर्धसैनिक बल के सहयोग फुटओवर ब्रिज पर व्यवस्था बनाते हुए यात्रियों के आने-जाने के लिए अलग-अलग लेन तैयार कराई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
डेढ़ लाख से अधिक यात्री पहुंचे
रेलवे सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को स्टेशन पर करीब डेढ़ लाख से अधिक यात्री पहुंचे, जो सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थे।
इस स्टेशन से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनें चलती हैं। छठ पर्व के कारण इन राज्यों के लिए चलने वाली सभी ट्रेनों में सीटें शुक्रवार को फुल रहीं। दोपहर के वक्त स्टेशन आने और यहां से विभिन्न राज्यों को जाने वाली ट्रेनों का समय आसपास रहा। इस कारण भीड़ बढ़ गई।
फुटओवर ब्रिज पर बहुत भीड़ हो गई
दूसरे राज्यों से आई ट्रेनों के यात्री उतरकर मेट्रो स्टेशन व बस अड्डे जाने लगे। उधर, ट्रेन पकड़ने के लिए मेट्रो स्टेशन और बस अड्डे से यात्री रेलवे स्टेशन जाने लगे। इस कारण फुटओवर ब्रिज पर बहुत भीड़ हो गई और जाम लग गया।
कोई इधर से उधर नहीं आ पा रहा था। तब आरपीएफ , जीआरपी को अर्धसैनिक बल के साथ फुटओवर ब्रिज पर व्यवस्था बनानी पड़ी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।