1000 से अधिक घाट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा छठ पर्व; सीएम रेखा गुप्ता ने पेश किया तैयारियों का खाका
दिल्ली में छठ पर्व की तैयारियाँ धूमधाम से चल रही हैं। इस साल एक हजार से अधिक घाटों को सजाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने तैयारियों का विवरण दिया, जिसमें सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।
-1761120378667.webp)
सीएम रेखा गुप्ता ने किया एलान। जागरण
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेसवार्ता में छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार की तैयारियों और प्रतिबद्धता का विस्तार से ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने यमुना घाटों पर छठ पूजा करने पर रोक लगा दी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने आते ही इस प्रतिबंध को हटा दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष पल्ला से लेकर कालिंदी कुंज तक यमुना किनारे कुल 17 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। इन सभी जगहों पर दिल्ली सरकार द्वारा घाट बनाए जा रहे हैं, जिनमें कुछ घाटों की लंबाई 500 मीटर से भी अधिक होगी।
उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2021 में यमुना में छठ पूजा पर रोक के बावजूद जो श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे, उनके खिलाफ पूर्व सरकार ने FIR दर्ज कराई थी। अब भाजपा सरकार इन सभी FIR को वापस लेगी।
पिछली बार के मुकाबले घाटों की संख्या ज्यादा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी में छठ पूजा के लिए इस बार एक हजार से अधिक आवेदन आए हैं, जबकि पिछली बार 929 स्थानों पर पूजा के लिए अस्थायी घाट बनाए गए थे। सभी स्वीकृत स्थानों पर दिल्ली सरकार द्वारा आवश्यक सुविधाएं जैसे टेंट, पानी, रोशनी, स्वच्छता, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक जिले में एक मॉडल छठ घाट बनाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्वागत द्वार और पुष्प वर्षा की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, 200 से अधिक स्थलों पर भोजपुरी और मैथिली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। छठ व्रतियों के लिए सुबह की चाय और पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालु स्वच्छ जल में खड़े होकर सूर्य भगवान को अर्घ्य दे सकें, इसके लिए विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। सभी जनप्रतिनिधि छठ घाटों पर जाकर सफाई अभियान चलाएंगे।
प्रदूषण नियंत्रण पर सरकार गंभीर
दीपावली के अवसर पर प्रदूषण में आई गिरावट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार की दीपावली पहले से कहीं अधिक उत्साह से मनाई गई, लेकिन इसके बावजूद प्रदूषण का स्तर पिछले वर्षों की तुलना में कम रहा। उन्होंने बताया कि सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब के एक मंत्री आगामी गुरुवार को दिल्ली सचिवालय उनसे मिलने आ रहे हैं, जहां पराली जलाने से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।