दिल्ली में छठ पर्व पर 150 से अधिक घाटों को सजाया, इन खास सुविधाओं के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बाहरी दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 150 से अधिक घाटों को सजाया गया है, जहां श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। दिल्ली जल बोर्ड ने पानी की व्यवस्था की है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। छठ समितियों और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर घाटों पर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में सूर्यदेव से सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
-1761545170272.webp)
शमसे आलम, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली क्षेत्र के 150 से अधिक छठ घाटों पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इन घाटों को सुंदर ढंग से सजाया गया है, जहां आज शाम श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही यह चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व संपन्न होगा।
छठ महापर्व को लेकर बाहरी दिल्ली के नरेला, बवाना, नांगलोई, मंगोलपुरी, किराड़ी, रानीखेड़ा, मुंडका, बादली, रोहिणी समेत अन्य क्षेत्रों में छठ समितियों ने घाटों की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कई स्थानों पर नए घाट भी बनाए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
छठ घाटों पर पानी भरने का काम दिल्ली जलबोर्ड की ओर से किया जा रहा है। कई स्थानों पर टैंकरों और पाइपलाइन से जल की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन की ओर से घाटों को आकर्षक ढंग से सजाने का काम भी लगातार जारी है। जगह-जगह लाइटिंग, रंग-बिरंगी चेजिंग लाइट्स और सजावटी पंडालों की व्यवस्था की गई है, जिससे पूरा माहौल छठ मइया के जयघोष से गूंज उठा है। सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए नगर निगम के कर्मचारियों को घाटों पर तैनात किया गया है। साथ ही महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग चेंजिंग रूम और मोबाइल टायलेट्स की व्यवस्था भी की गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। सभी प्रमुख घाटों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही छठ समितियों के स्वयंसेवक (वालंटियर्स) भी पुलिस के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान करेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही पूजा करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था से बचें।
छठ समितियों का योगदान और स्थानीय उत्साह
छठ समितियों ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से पर्याप्त सहयोग मिला है। समितियों की मांग पर कई घाटों पर स्थाई प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्थानीय लोगों में छठ पर्व को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। सांझ ढलते ही श्रद्धालु टोकरी और सूप लेकर घाटों पर पहुंचेंगे और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। महिलाएं पारंपरिक गीतों के साथ छठ मइया की आराधना करेंगी। पूरे बाहरी दिल्ली क्षेत्र में छठ घाटों पर भक्तिमय वातावरण रहेगा और श्रद्धालु सूर्यदेव से अपने परिवार की सुख, समृद्धि और आरोग्यता की कामना करेंगे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में दिनभर हुई राजनीति, फिर शाम को कोंडली नहर में छठ के लिए छोड़ा गया पानी
दिल्ली सरकार ने बहुत सारे घाटों का निर्माण कराया है। बहुत सारे ऐसे घाट हैं, जो रजिस्टर्ड नहीं है। उन घाटों पर अपने प्रयास से छठ घाट बनवाए गए हैं। जहां आज बड़ी संख्या में भक्त आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। - बजरंग शुक्ला, संरक्षक, सूर्य उपासना छठ पूजा समिति
रोहिणी सेक्टर-18 स्थित दाता राम सोसायटी के पास डीडीए ग्राउंड में छठ घाट को भव्य तरीके से सजाया गया है। सरकार के सहयोग से समय रहते यहां नौ घाट बनकर तैयार है। काफी अच्छे माहौल में आज एक साथ काफी संख्या में भक्त डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। - अशोक सिंह, अध्यक्ष, पूर्वांचल एकता मंच
दिल्ली सरकार को धन्यवाद करता हूं। उन्होंने घाट पर हर जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस सरकार में बिना किसी भेदभाव के सभी घाटों को बहुत ही सुंदर तरीके से बनाने का काम किया है। किराड़ी की जनता आज अच्छे और स्वच्छ माहौल में डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। - महंत रामदयाल महतो दास, संरक्षक, श्री दुर्गा जन सेवा ट्रस्ट
समय रहते घाट बनकर तैयार हो गया है। इस बार घाट को बहुत ही भव्य तरीके से सजाया गया है। किराड़ी एमएलए ग्राउंड छठ पूजा के लिए हमेशा ही चर्चे में रहा है। इस बार सरकार का काफी सहयोद मिला है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के तरफ से भरपूर सहयोग मिल रहा है। - ओसिहर यादव, संस्थापक, भोजपुरी स्वाभिमान छठ पूजा समिति
दिल्ली सरकार सभी छठ घाटों का बेहतर कार्य कर रही है। हमारे समिति को भी दिल्ली सरकार द्वारा सभी सुविधाएं मुहैया कराई गई है। मैं सभी छठ व्रतियों से निवेदन करता हूं कि भारी से भारी संख्या में आए और यहां पर सरकार द्वारा और समिति द्वारा भव्य छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। - गोपाल सिंह, संरक्षक, श्री दुर्गा जन चेतना समिति

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।