Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Chhath Puja 2025: नहाय-खाय से छठ महापर्व का शुभारंभ, पूर्वी दिल्ली में अर्घ के लिए 70 घाट तैयार

    Updated: Sat, 25 Oct 2025 06:00 AM (IST)

    पूर्वी दिल्ली में नहाय खाय के साथ छठ महापर्व का आरंभ हो गया है। यमुनापार में 70 घाट तैयार किए गए हैं, जहाँ पूर्वांचल के लोग छठी मैया की उपासना करेंगे। व्रती कद्दू की सब्जी और चावल का प्रसाद ग्रहण कर खरना की तैयारी में जुट गए हैं। कोंडली नहर में घाट बनाए गए हैं, और बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी हो रही है।

    Hero Image

    नहाय खाय के साथ आज से छठ शुरू

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। नहाय खाय के साथ शनिवार से महापर्व छठ की शुरुआत हो गई। यमुनापार में छठ की भव्यता नजर आने लगी है। छठी मैया के गीत गुनगुनाए जा रहे हैं। छठ के लिए बाजार सज गए हैं। इस त्योहार को लेकर पूर्वांचल के लोग बहुत उत्साहित हैं। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यमुनापार में पूजा के लिए 70 घाट तैयार कर दिए गए हैं। छठ को लेकर लोगों ने विशेष तैयारियां की हैं। कई छठ समितियां सूर्य को अर्घ्य देने वाली व्रतियों को भगवान भास्कर की उपासना के लिए दूध वितरित करेंगी। छठ का विशेष प्रसाद ठेकुआ भी लोगाें को बांटा जाएगा।

    कद्दू (लौकी) की सब्जी का प्रसाद

    किशन कुंज निवासी सुशीला ने बताया कि शनिवार को नहाय खाय है। छठ व्रती देर शाम को अरवा चावल का भात, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद परिवार के बाकी सदस्य उस प्रसाद को खाएंगे। इसके बाद महिलाएं खरना की तैयारी में जुट जाएंगी। 

    खरना के लिए गेहूं धोकर सुखाया और मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद बनाया जाएगा। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। सोमवार को सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती चार दिन बिल्कुल सात्विक जीवन जीएंगे और सफाई का विशेष ध्यान रखेंगे। 

    कोंडली नहर में प्रशासन ने छठ घाट बनाएं हैं। लेकिन नहर में पानी नहीं है। उम्मीद है शनिवार शाम को उत्तर प्रदेश से नहर में पानी छोड़ा जाएगा।

    सूप-दउरा, पूजन सामग्री से लेकर फलों की हुई खरीदारी

    छठ पूजा के लिए बाजार सज गए हैं। बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है। सोनिया विहार, खिचड़ीपुर, दिलशाद गार्डन, कृष्णा नगर, शाहदरा, लक्ष्मी नगर, मंडावली, काेंडली में छठ बाजार लग गए हैं। 

    लौंग, जायफल, सिंदूर, साठी का चावल, काले तिल से लेकर सूप-दउरा, टोकरी व अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी हुई। छठी मैया को प्रसाद चढ़ाने के लिए भक्तों ने फल भी खरीदे। 

    दुकानदार किशन ने बताया कि एक गन्ना 60 रुपये का है। नारियल 70 रुपये का बेचा जा रहा है। अनार 200 रुपये प्रति किलो, 70 से 150 रुपये प्रति किलो तक बेचा जा रहा है।

    समिति छठ व्रतियों को भगवान भास्कर की उपासना के लिए निश्शुल्क दूध देगी। अर्घ्य वाले दिन समिति के वालंटियर भी व्यवस्था को संभालने में लगेंगे। पांच वर्ष के बाद कोंडली नहर में पूजा हो रही है। समिति ने भव्य तरीके से तैयारी की है। -शिव नंदन सिंह, पूर्वांचल उत्थान मंच, न्यू अशोक नगर।


    समिति की ओर से गीता कॉलोनी यमुना किनारे छठ मनाई जाएगी। समिति ने विशेष तैयारियां की हुई हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए जाएंगे। यमुना किनारे छठ की भव्यता नजर आने लगी है। दिल्ली सरकार ने छठ की बेहतर तैयारी की है।- किरण तिवारी, भगवान भास्कर छठ पूजा ट्रस्ट, गांधी नगर।