यमुना को प्रदूषित करने वाली साहिबी नदी के अब अच्छे दिन आएंगे, रेखा गुप्ता सरकार ने लिया बड़ा फैसला
दिल्ली सरकार का सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग साहिबी नदी (नजफगढ़ नाला) रिवरफ्रंट परियोजना के लिए सलाहकार नियुक्त करेगा। यह नदी यमुना प्रदूषण का मुख्य कारण है, जिसकी सफाई और रिवरफ्रंट विकास की योजना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तम नगर में 50 एकड़ भूमि पर पार्क बनाने की घोषणा की थी, जिसे इस रिवरफ्रंट परियोजना से जोड़ा जाएगा। सलाहकार मिट्टी जांच, सर्वेक्षण और वास्तुशिल्प डिजाइन सहित विस्तृत लेआउट योजना तैयार करेगा, जिसमें हरियाली, पार्क, पैदल पथ और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।

साहिबी नदी को नजफगढ़ नाला भी कहा जाता है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्लीः दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आइएंडएफसी) ने साहिबी नदी रिवरफ्रंट परियोजना का खाका तैयार करने के लिए सलाहकार की नियुक्ति करने का निर्णय लिया है।
इस नदी को नजफगढ़ नाला भी कहते हैं। इसे यमुना के प्रदूषण के लिए सबसे अधिक जिम्मेदार माना जाता है। इसे ध्यान में रखकर इसकी सफाई का काम चल रहा है। इसके साथ ही इसके किनारे रिवर फ्रंट बनाने की योजना है।
साहिबी नदी से प्रतिदिन 2076 एमएलडी गंदा पानी यमुना में पहुंचता है। इस समस्या के समाधान के लिए एक सीवेज उपचार संयंत्र (एसटीपी) और 11 विकेंद्रीकृत सीवेज उपचार संयंत्र (डीएसटीपी) लगाने का प्रस्ताव है।
सीएम रेखा गुप्ता ने पार्क बनाने की घोषणा की थी
दो माह पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तम नगर के विपिन गार्डन में आइएंडएफसी की उपेक्षित पड़ी 50 एकड़ भूमि पर पार्क बनाने की घोषणा की थी।
यहां से गुजरने वाली साहिबी नदी को भी इस योजना से जोड़ते हुए एक विस्तृत रिवर फ्रंट का प्रस्ताव तैयार करने की भी घोषणा की गई थी। इसे मूर्त रूप देने के लिए सलाहकार की नियुक्ति का निर्णय लिया गया है।
सलाहकार मिट्टी की जांच, क्षेत्र का सर्वे कर उसकी आवश्यकता का आकलन, वास्तुशिल्प डिजाइन और परियोजना के सभी पहलुओं को दर्शाते हुए एक लेआउट योजना तैयार करेगा।
योजना के अनुसार ये काम किए जाएंगे
लगभग तीन माह में वह अपनी रिपोर्ट देगा, उसके अनुसार आगे का काम किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा, योजना के अनुसार हरियाली विकसित करने के साथ ही पार्क, पैदल पथ, भू-दृश्यांकन कार्य, फव्वारे, छठ घाट, वाहन पार्किंग स्थल, एक आउटडोर व्यायामशाला, बच्चों के लिए खेल का मैदान बनाया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।