दिल्ली की हवा लगातार नौवें दिन भी जहरीली, 11 इलाकों में AQI 'गंभीर' श्रेणी में; आपके इलाके का हाल क्या है?
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर के 11 इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया है। डॉक्टरों ने लोगों को जहरीली हवा से बचने की सलाह दी है, क्योंकि इससे सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

दिल्ली में नहीं सुधर रहे प्रदूषण के हाल।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को लगातार नौवें दिन हवा ''बहुत खराब'' श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शाम चार बजे लगभग एक दर्जन जगहों पर एक्यूआइ ''गंभीर'' श्रेणी में दर्ज किया गया। सीपीसीबी के सुबह नौ बजे के बुलेटिन के अनुसार, शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 360 दर्ज किया गया था। जबकि शाम चार बजे के बुलेटिन में इसमें बढोतरी दर्ज की गई और यह 370 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के ''समीर'' एप के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कुल 20 से अधिक निगरानी स्टेशनों ने ''बहुत खराब'' वायु गुणवत्ता दर्ज की गई, जबकि 11 स्थानों पर प्रदूषण का स्तर ''गंभीर'' देखा गया। शाम चार बजे वजीरपुर का एक्यूआई सबसे अधिक 448 दर्ज किया गया।
अन्य कई जगहों पर यह 400 से अधिक दर्ज किया गया। पीएम 2.5 और पीएम 10 राजधानी में प्रदूषक तत्व पीएम 2.5 और पीएम 10 मानक से काफी अधिक है। सीपीसीबी के अनुसार शाम चार बजे पीएम 10 का स्तर तीन गुना से अधिक 336 दर्ज किया गया। जबकि इसका मानक 100 है। पीएम 2.5 का स्तर 60 रहना चाहिए लेकिन यह 196 दर्ज किया गया।
स्विस एप आइक्यू एयर के मुताबिक सुबह 10 बजे दिल्ली का एक्यूआइ 463 यानी ''खतरनाक'' श्रेणी में दर्ज किया गया था, जो रात 10 बजे 380 यानी ''बहुत खराब'' श्रेणी में दर्ज किया गया।
आइआइटीएम पुणे के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम(डीएसएस) के अनुसार शनिवार को दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं का योगदान 14.9 प्रतिशत था, जबकि पराली जलाने से 2.8 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। रविवार के लिए ये अनुमान क्रमशः 19.1 प्रतिशत और 2.6 प्रतिशत हैं। उपग्रह चित्रों में शुक्रवार को पंजाब में 30, हरियाणा में 11 और उत्तर प्रदेश में 250 खेतों में आग लगने की घटनाएँ दर्ज की गईं।
उधर मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 41 प्रतिशत रहा।
रविवार के लिए मौसम विभााग ने मध्यम श्रेणी के कोहरे का अनुमान लगाया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिली रहेगी।
शनिवार को राजधानी के इन इलाकों की हवा रही सबसे खराब
| इलाका | एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) |
|---|---|
| आनंद विहार | 429 |
| अशोक विहार | 412 |
| बवाना | 427 |
| डीटीयू | 407 |
| जहांगीरपुरी | 428 |
| मुंडका | 407 |
| नरेला | 410 |
| नेहरू नगर | 403 |
| रोहिणी | 425 |
| विवेक विहार | 439 |
| वजीरपुर | 448 |
सोर्स - https://aqicn.org/
रविवार सुबह की स्थिति
| इलाका | एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) |
|---|---|
| लोनी | 473 |
| इदिरापुरम | 472 |
| रोहिणी | 460 |
| सेक्टर-116, नोएडा | 459 |
| वजीरपुर | 451 |
| मथुरा रोड | 442 |
| ITI शाहदरा | 441 |
| आनंद विहार | 426 |
| सत्यावती कॉलेज, दिल्ली | 426 |
| IGI एयरपोर्ट | 416 |
सोर्स - https://aqicn.org/

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।