दिल्ली के 12 इलाकों में प्रदूषण 'गंभीर' श्रेणी में आया, राजधानी का औसत AQI भी बढ़कर 400 के करीब पहुंचा
दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को लगातार पांचवें दिन वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रही, और कई इलाकों में यह 'गंभीर' स्तर तक पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एक्यूआई 374 दर्ज किया गया। प्रदूषण में वाहनों और पराली जलाने का योगदान है, और अगले छह दिनों तक स्थिति में सुधार की संभावना नहीं है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में वायु गुणवत्ता मंगलवार को लगातार पांचवे दिन ''बहुत खराब'' श्रेणी में रही। प्रदूषण पिछले दिन के स्तर से बढ़ गया है और 12 इलाकों में वायु गुणवत्ता ''गंभीर'' श्रेणी में पहुंच गई, जो एक ऐसा स्तर है जो स्वस्थ लोगों की सेहत के लिए भी खतरा माना जाता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई सोमवार को दर्ज किए गए 351 से बढ़कर 374 पर पहुंच गया। सीपीसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली की हवा में दोपहर दो बजे पीएम 10 का स्तर 360 और पीएम 2.5 का स्तर 177 था।
यानी दिल्ली की हवा में अभी मानकों से तीन गुना से ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद हैं। पंजाबी बाग, वजीरपुर, नेहरू नगर, अशोक विहार, जहांगीरपुरी, रोहिणी, विवेक विहार और कई अन्य स्टेशनों पर एक्यूआइ 400 से ऊपर दर्ज किया गया।
इस बीच, आईआईटीएम पुणे के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं का योगदान 18.1 प्रतिशत था, जबकि पराली जलाने से 5.4 प्रतिशत प्रदूषण हुआ।
बुधवार को इनका योगदान क्रमशः 20 और 2.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में सोमवार को पंजाब में पराली जलाने की 31, हरियाणा में 10, उत्तर प्रदेश में 384 और दिल्ली में एक घटना दर्ज की गई।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, शहर का एक्यूआइ अगले छह दिनों तक ''बहुत खराब'' श्रेणी में रहने की संभावना है।
13 दिनों के दौरान दिल्ली का एक्यूआई
- 18 नवंबर - 374
- 17 नवंबर - 351
- 16 नवंबर - 377
- 15 नवंबर - 386
- 14 नवंबर - 387
- 13 नवंबर - 404
- 12 नवंबर - 418
- 11 नवंबर - 428
- 10 नवंबर - 345
- 09 नवंबर - 370
- 08 नवंबर - 361
- 07 नवंबर - 322
- 06 नवंबर - 311
मंगलवार को इन जगहों की हवा रही सबसे खराब
- बवाना - 449
- जहांगीरपुरी - 446
- वजीरपुर - 441
- विवेक विहार - 432
- डीटीयू - 415
- अशोक विहार - 413
- चांदनी चौक - 413
- रोहिणी - 413
- नरेला - 412
- नेहरु नगर - 411
- आनंद विहार - 409
- पंजाबी बाग - 405
यह भी पढ़ें- पर्यावरण अनुकूल प्रयासों को बढ़ावा देने में IIT दिल्ली देश में पहले स्थान पर, अन्य संस्थानों का कैसा रहा हाल?

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।