Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्‍ली एयरपोर्ट पर ग्राउंड मूवमेंट के दौरान दो विमानों के विंग्स आपस में टकराए, बड़ा हादसा टला

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 05:17 PM (IST)

    दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों में मामूली टक्कर हुई। ग्राउंड मूवमेंट के दौरान स्पाइसजेट के विंगटिप ने अकासा के ...और पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक मामूली विमान हादसा सामने आया, जब स्पाइसजेट का एक विमान खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गया।

    जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो सवा दो बजे स्पाइसजेट विमान के विंगटिप ने ग्राउंड मूवमेंट के दौरान अकासा एयर के स्थिर विमान के पंख को हल्के से छू गया। यह टक्कर बेहद हल्की थी, जिससे दोनों विमानों को मामूली नुकसान पहुंचा।

    delhi airport 1

    फोटो: एक्स

    हैदराबाद रवाना होने वाली थी अकासा की फ्लाइट

    अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी फ्लाइट QP 1406, जो दिल्ली से हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली थी, इस घटना के कारण 16 अप्रैल 2026 को वापस बे पर लौटानी पड़ी।

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अकासा का विमान उस समय स्थिर था, तभी दूसरी एयरलाइन के विमान ने उससे संपर्क किया। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित उतार लिया गया है। साथ ही, ग्राउंड टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है।

    delhi airport

    फोटो: एक्स 

    एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए

    एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए और दोनों विमानों की जांच शुरू कर दी गई। प्रभावित विमानों को फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है ताकि विस्तृत तकनीकी जांच की जा सके।

    नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे ग्राउंड मूवमेंट के दौरान समन्वय में कमी से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

    उधर, स्पाइस जेट की ओर से बताया गया कि 16 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सींग के दौरान बी737-700 विमान एक ग्राउंड घटना का शिकार हो गया।

    इस दौरान विमान के दाहिने विंगलेट को नुकसान पहुंचा, जबकि दूसरी एयरलाइन के विमान के बाएं हिस्से के हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी क्षति हुई। स्पाइसजेट के प्रवक्ता के अनुसार, इस घटना के बाद संबंधित विमान को दिल्ली में ही ग्राउंड कर दिया गया है।

    (समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)

    यह भी पढ़ें- सड़क नहीं, अब पटरी बनेगी कश्मीर के कारोबार की रफ्तार, दिल्ली-बड़गाम रैपिड कार्गो सेवा 17 अप्रैल से शुरू