दिल्ली में छठ पर्व को लेकर राजनीतिक उठापटक, कृत्रिम घाट तैयार करने के AAP के दावे पर BJP का पलटवार
दिल्ली में छठ पूजा को लेकर आप और भाजपा में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप चल रहा है। आप सरकार ने कृत्रिम घाट तैयार करने का दावा किया है, जिसे भाजपा ने झूठा बताया है। भाजपा का कहना है कि सरकार ने पर्याप्त इंतजाम नहीं किए, जबकि आप ने आरोपों को निराधार बताया है। श्रद्धालुओं ने साफ-सफाई और सुरक्षा की मांग की है।
-1761490198614.webp)
कृत्रिम छठ घाट तैयार करने के सौरभ भारद्वाज के आरोप पर वीरेंद्र सचदेवा का पलटवार।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। छठ महापर्व की चल रही तैयारी को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में आप ने रविवार को यमुना के वासुदेव घाट पर बनाए गए कृत्रिम घाट और उसमें गंगाजल छोड़ने का आरोप लगाकर फिर से भाजपा की दिल्ली सरकार पर जमकर हमला बोला।
इसे मुद्दा बनाते हुए आप की दिल्ली इकाई से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा की दिल्ली सरकार को कटघरे में खड़ा किया। वहीं भाजपा ने पलट बात करते हुए कहा है कि दिल्ली में 10 साल तक रही आप सरकार ने यमुना में पूर्वांचलियों को छठ महापर्व तक मनाने नहीं दिया और अब उनकी सरकार ने जब पूर्वांचली लोगों के लिए यमुना के किनारे छठ मनाने की छूट दी है तो आप नेताओं को यह हजम नहीं हो रहा है और वह तरह-तरह के फर्जी आरोप लगा रहे हैं।
पार्टी मुख्यालय में हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने एक झूठ को छिपाने के लिए लगातार झूठ पर झूठ बोलती चली जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी ही दिल्ली सरकार को शाबाशी का प्रमाण पत्र देने के चक्कर में दिल्ली और देश की जनता से यह झूठ बोला, कि हमने यमुना को साफ कर दिया है।
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में माहौल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छठ महापर्व पर वासुदेव घाट पर आ रहे हैं, उनके लिए सोनिया विहार जल संयंत्र की गुजर रही पाइप लाइन से गंगा जल इस क्रत्रिम घाट में डाला गया है।
उधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली एवं देश के लोगों ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व की राजनीतिक हताशा का वह शर्मनाक माडल भी देख लिया है, जब आप नेता सौरभ भारद्वाज यमुना किनारे प्राकृतिक वासुदेव घाट की सफाई एवं वहां स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर आपत्ति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारद्वाज ने यमुना किनारे से लाइव वीडिओ जारी कर यमुना सफाई पर आपत्ति करने का जो नाटक किया वह पहला ऐसा राजनीतिक प्रपंच था जहां विपक्षी दल ने सरकार द्वारा सफाई स्वच्छता सुनिश्चित करने पर आपत्ति की हो। वहीं दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आप नेताओं को यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि कैसे भाजपा सरकार इतने अच्छे वातावरण में छठ महापर्व का आयोजन करा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।