BSF जवानों को सीएम Rekha Gupta का भैया दूज गिफ्ट, छावला कैंप में किया पेयजल परियोजना का शिलान्यास
पश्चिमी दिल्ली के छावला में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीएसएफ शिविर में पेयजल परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने जवानों के साथ भैया दूज मनाया और उनकी सुविधाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। नई पाइपलाइन से न केवल बीएसएफ कैंप, बल्कि आसपास के निवासियों को भी स्वच्छ पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने जवानों के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाने का भी आश्वासन दिया।

सीएम रेखा गुप्ता ने बीएसएफ जवानों के साथ मनाया भैया दूज। जागरण
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। छावला स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) शिविर व आसपास के इलाकों में पेयजल की किल्लत एक बड़ी समस्या थी। अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू हो चुका है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छावला बीएसएफ शिविर में पेयजल पहुंचाने की परियोजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बीएसएफ के जवानों के साथ भैया-दूज का पर्व भी मनाया।
सीएम ने कहा कि पर देश की सुरक्षा में तैनात ये जवान हमारे देश की ढाल हैं, इनके लिए सुविधा सुनिश्चित करना हमारी सरकार का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने जवानों की मांग पर कैंप परिसर में सिंथेटिक ट्रैक निर्माण का भी आश्वासन दिया।
जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन छावला बीएसएफ कैंप से छावला गांव की फिरनी रोड तक बिछाई जाएगी। द्वारका जल शोधन संयंत्र से यह नई पाइपलाइन जोड़ी जाएगी, जिससे न केवल बीएसएफ कैंप परिसर बल्कि आसपास के स्थानीय निवासियों को स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सेना के जवानों, नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने के लिए सतत प्रयासरत है। दिल्ली सरकार उनके प्रशिक्षण और सुविधाओं से जुड़े अन्य कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करेगी। दिल्ली सरकार के लिए वीर जवानों की आवश्यकताएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं।
मुख्यमंत्री ने छावला कैंप के जवानों के साथ भैया-दूज पर्व भी मनाया और उनकी लंबी उम्र की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है। देश की सीमाओं पर तैनात प्रत्येक सिपाही हमारे लिए गर्व का प्रतीक है।
उनके समर्पण की बदौलत ही 140 करोड़ भारतीय निश्चिंत होकर जीवन व्यतीत करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर वर्ष दीवाली अपने सैनिक भाइयों के साथ मनाते हैं। उनकी यह भावना कि देश की सेना ही हमारा परिवार है, हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।