रात 1:30 बजे का खौफ... पैर छूने को कहा, मना किया तो गोली मार दी; गोविंदपुरी में जागरण बनी रणभूमि!
दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी में जागरण कार्यक्रम के दौरान पैर छूने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। स्थानीय बदमाश ने युवक को पैर छूने के लिए धमकाया और इनकार करने पर उस पर गोलियां चला दीं। घायल युवक एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार है।

पैर छूने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के नेहरू कैंप के पास शनिवार रात एक जागरण कार्यक्रम में उस समय हड़कंप मच गया जब पैर छूने को लेकर हुए विवाद में एक स्थानीय बदमाश ने एक युवक पर गोली चला दी। पास में ही रहने वाले और जागरण में शामिल होने आए युवक ने हाथ जोड़कर उसका अभिवादन किया, लेकिन बदमाश ने उसे धमकाते हुए पैर छूने को कहा। मना करने पर बदमाश ने युवक पर तीन गोलियां चला दीं।
दो गोलियां युवक के सीने में लगीं, जबकि तीसरी गोली पास खड़े एक अन्य युवक के हाथ में लगी। आरोपी मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, आरोपी अभी फरार है।
परिवार वालों ने बताया कि नेहरू कैंप के पास एक जागरण कार्यक्रम चल रहा था और राजकुमार उसमें शामिल होने गया था। रात करीब डेढ़ बजे स्थानीय बदमाश अब्दुल कादिर उर्फ लल्ला अपने साथियों के साथ आया। उसने राजकुमार से पैर छूने को कहा। मना करने पर लल्ला भड़क गया। उसने पहले राजकुमार को गले लगाया और फिर गोली मार दी। राजकुमार के सीने में दो गोलियां लगीं, जबकि एक गोली पास खड़े एक अन्य युवक के हाथ में लगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब्दुल कादिर उर्फ लल्ला इलाके में हफ्ता वसूली करता है और लोगों को परेशान भी करता है। परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। घायल राजकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। इस बीच, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।