दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी की फ्लैट में चाकू से गोदकर हत्या, बाथरूम में खून से लथपथ मिली लाश
दिल्ली के बेगमपुर में दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी सुरेश कुमार राठी की उनके फ्लैट में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। 59 वर्षीय राठी दो दिनों से लापता थे। उनका शव बाथरूम में खून से लथपथ मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक के बेटे से पूछताछ कर रही है।
-1762251002174.webp)
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली जलबोर्ड के एक कर्मचारी की फ्लैट में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शव सोमवार दोपहर बाथरूम में खून से लथपथ हालत में मिला।
मृतक की पहचान 59 वर्षीय सुरेश कुमार राठी के रूप में हुई है। जो बीते दो दिनों से लापता थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 03:30 बजे बेगमपुर थाना पुलिस को फ्लैट में एक व्यक्ति की हत्या किए जाने की सूचना मिली। कॉल मृतक के बेटे अंकुर ने की थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इमारत की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट के बाथरूम में पुलिस को सुरेश कुमार राठी का शव मिला।
अंकुर ने पुलिस को बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ रोहिणी सेक्टर-24 स्थित पाकेट-16 में रहता है। उसके पिता दिल्ली जल बोर्ड में कार्यरत थे। जिस फ्लैट में उनका शव मिला, वह भी उनका ही है और वे उसकी देखरेख के लिए कभी-कभी वहां आते थे।
बेटे के अनुसार, उनके पिता पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटे थे और फोन काल्स का जवाब भी नहीं दे रहे थे। इसके बाद वह उन्हें खोजते हुए बेगमपुर स्थित फ्लैट पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। उसने घर से चाबी लाकर दरवाजा खोला तो अंदर बाथरूम में पिता का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
मौके की जांच में पुलिस को मृतक के शरीर पर गर्दन के दाहिने हिस्से पर चाकू के गहरे घाव का निशान मिला। क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि हत्या की वजह और आरोपी का सुराग मिल सके। मृतक के बेटे से पूछताछ कर आगे की जानकारी जुटा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।