Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    25 दिन से प्रदर्शन कर रहे DBC कर्मियों का वेतन रोका, छठ पूजा के लिए होगी नई भर्ती

    Updated: Fri, 24 Oct 2025 09:59 AM (IST)

    दिल्ली में 25 दिनों से प्रदर्शन कर रहे डीबीसी कर्मचारियों को निगम इस माह वेतन नहीं देगा। छठ पूजा के लिए मच्छररोधी अभियान हेतु नए कर्मचारियों की भर्ती होगी, जो 45 दिनों के लिए नियुक्त किए जाएंगे। लगभग एक हजार कर्मचारी छठ घाटों पर दवा का छिड़काव करेंगे। डीबीसी कर्मचारी समान वेतन की मांग कर रहे हैं।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में 25 दिन से निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) कर्मचारियों को निगम इस माह का वेतन नहीं देगा। साथ ही छठ पूजा पर मच्छररोधी अभियान के लिए नए कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी कर रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बताया गया कि फिलहाल इन कर्मचारियों को 45 दिन के लिए नियुक्त किया जाएगा। करीब एक हजार कर्मचारियों को छठ घाटों पर मच्छररोधी दवा के छिड़काव और फागिंग के लिए नियुक्ति तैयारी चल रही है।

    दैनिक जागरण से बातचीत में एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि डीबीसी कर्मचारियों से कई दौर की बातचीत हो गई है लेकिन उनका रवैया सकारात्मक नहीं है। चूंकि डेंगूृ-मलेरिया का त्योहारों के समय पर प्रसार का बड़ा खतरा रहता है ऐसे में छठ पर्व की तैयारियों के लिए हम नए कर्मचारियों की अस्थायी नियुक्ति करने की योजना बना रहे हैं।

    उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार एक हजार छठ घाट बना रही है ऐसे में कम से कम एक कर्मचारी एक छठ घाट पर मच्छररोधी दवा के छिड़काव और फागिंग के लिए उपलब्ध रहे इसके लिए हम अस्थायी नियुक्ति करेंगे।

    यह भी पढ़ें- चांदनी चौक में ताबड़तोड़ एक्शन से AAP का BJP पर हमला, 'सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले व्यापारियों पर शिकंजा'

    अधिकारी ने बताया कि हमारा विभागीय कार्य इससे प्रभावित हो रहा है। चूंकि कर्मचारी एक माह से अपने-अपने क्षेत्र में नहीं जा रहे हैं इसलिए हम उनका इस माह वेतन जारी नहीं करेंगे। क्योंकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हो रहा है।

    उल्लेखनीय है कि डीबीसी कर्मचारी समान वेतन से लेकर करुणामूलक आधार पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। 29 सितंबर से वह निगम मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।