89 किमी लंबी होगी मजेंटा लाइन, इंद्रप्रस्थ तक शुरू हुआ मेट्रो का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट; बनेंगे 10 अंडरग्राउंड स्टेशन
मजेंटा लाइन के इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे यह दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी। यह कॉरिडोर 10 भूमिगत स ...और पढ़ें
-1779237968203-1783612994669-1783613003510_m.webp)
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बाटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मजेंटा लाइन की कुल लंबाई 89 किलोमीटर हो जाएगी।
HighLights
मजेंटा लाइन का इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर निर्माण कार्य शुरू।
यह दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी 89 किमी लाइन बनेगी।
10 भूमिगत स्टेशन और 7 प्रमुख लाइनों से जुड़ेगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मजेंटा लाइन के 12.377 किलोमीटर लंबे इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ काॅरिडोर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस काॅरिडोर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी। अभी पिंक लाइन सबसे लंबी लाइन है, जिसकी लंबाई 71.5 किलोमीटर है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बाटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मजेंटा लाइन की कुल लंबाई 89 किलोमीटर हो जाएगी। इस लाइन पर 40 भूमिगत स्टेशनों सहित कुल 65 स्टेशन होंगे। यह सर्वाधिक भूमिगत स्टेशनों व इंटरचेंज स्टेशनों वाली लाइन होगी।
'यह विकसित दिल्ली की आधारशिला'
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ काॅरिडोर पर प्रस्तावित सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो केवल एक परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि विकसित दिल्ली की आधारशिला है। राजधानी में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार नागरिकों को सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है। दिल्ली सरकार भी इसी दृष्टि के अनुरूप राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार एवं दिल्ली मेट्रो के साथ मिलकर कार्य कर रही है।

क्या-क्या होंगी विशेषताएं?
- इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ काॅरिडोर पूरी तरह से भूमिगत होगा।
- इस काॅरिडोर पर इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खां पार्क, झंडेवालान मंदिर, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय-आइजी स्टेडियम और इंद्रप्रस्थ सहित कुल 10 भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।
- यह काॅरिडोर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सात प्रमुख लाइनों से जुड़कर राजधानी की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा।
- इंद्रलोक स्टेशन पर रेड लाइन एवं ग्रीन लाइन, नबी करीम पर मजेंटा लाइन, नई दिल्ली स्टेशन पर येलो लाइन एवं एयरपोर्ट एक्सप्रेस (आरेंज लाइन), दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन और इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रमुख स्थानों पर पहुंचने में होगी सुविधा
यह नया मेट्रो काॅरिडोर सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, झंडेवालान मंदिर, अरुण जेटली स्टेडियम, इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, दिल्ली गेट, कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, नेशनल वार मेमोरियल और सेंट्रल विस्टा जैसे कई महत्वपूर्ण स्थानों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा।
खबरें और भी
इससे सरकारी कर्मियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा। साथ ही करोल बाग, देशबंधु गुप्ता रोड, शैक्षणिक संस्थानों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा भी पहले से अधिक मजबूत और सुविधाजनक हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में अब हर जगह लगेंगे सोलर EV चार्जिंग स्टेशन, 9000 से बढ़ाकर 32000 पॉइंट मंजूर; दिल्ली सरकार की बड़ी तैयारी