Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Crime: बुध विहार में विवाद के बाद सहपाठी पर चाकू से हमला, अस्पताल में भर्ती; जांच में जुटी पुलिस

    Updated: Sat, 18 Oct 2025 02:30 AM (IST)

    दिल्ली के बुध विहार में एक निजी स्कूल के छात्रों के बीच झगड़े के बाद एक छात्र पर चाकू से हमला किया गया। घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने नाबालिग आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्कूल में विवाद के बाद छुट्टी होने पर छात्रों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जिसके दौरान चाकूबाजी हुई।

    Hero Image

    स्कूल में छात्र ने सहपाठी पर किया चाकू से हमला।

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बुध विहार फेज-1 स्थित निजी स्कूल के छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद एक सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू छात्र के कंधे में लगा। घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह भी बताया जा रहा है कि पहले छात्रों के बीच स्कूल परिसर के भीतर विवाद हुआ था। अध्यापकों ने समझा-बुझाकर विवाद खत्म करा दिया था। लेकिन, स्कूल की छुट्टी के बाद फिर झगड़ा हो गया। इसी दौरान चाकूबाजी हुई। पुलिस ने एक नाबालिग व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

    यह घटना शुक्रवार दोपहर ढाई बजे की बताई जा रही है। रोहिणी जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर विजय विहार थाना पुलिस को चाकूबाजी की घटना के संबंध में पीसीआर काल प्राप्त हुई। बुध विहार फेज-1 के मुख्य बाजार पहुंचने के बाद पता चला कि स्कूल के छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था।

    झगड़े के दौरान बुध विहार फेज-I स्थित पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र को बाएं कंधे पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, घायल के दोस्त के बयान पर नाबालिग और उसके साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1)/126(2)/351(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

    घायल के चाचा ने बताया कि स्कूल के नजदीक उनका घर है। उनका भतीजा स्कूल से घर लौट रहा था। रास्ते में छात्रों में झगड़ा देख रुक गया और बीच-बचाव किया। इसी दौरान तीन-चार लड़कों ने उसके भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया।