Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    धनतेरस को लेकर बाजारों में भारी भीड़, जाम बना आफत, लुटियंस दिल्ली तक यातायात व्यवस्था चरमराई

    Updated: Sat, 18 Oct 2025 06:45 AM (IST)

    धनतेरस पर दिल्ली के बाजारों में भारी भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सदर बाजार, चांदनी चौक से लेकर लुटियंस दिल्ली तक जाम की स्थिति रही। मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से एनसीआर जाने वाले लोग परेशान रहे। रिंग रोड और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर भी वाहन रेंगते रहे। यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद स्थिति नियंत्रण से बाहर रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    Hero Image

    धनतेरस को लेकर बाजारों में खरीददारी के लिए उमड़ी भीड़।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। धनतेरस के अवसर पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोग उमड़े। इस दौरान बाजारों में रौनक तो देखी गई, लेकिन सड़कों पर गाड़ियों के अधिक दबाव के चलते लोग बेहाल हो गए। ट्रैफिक जाम के कारण शुक्रवार को भी जाम से लोगों को दो चार होना पड़ा। पिछले तीन दिनों से राजधानी शाम के समय चौक हो जा रही है। इस दौरान पुलिस और सरकार के प्रयास पंगु साबित हो चुके हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सदर बाजार, भागीरथ पैलेस, चांदनी चौक, सरोजिनी नगर सहित अन्य बाजारों में शाम पांच बजे के बाद लोगों की भीड़ और वाहनों के दबाव के चलते पैदल चलने में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की बात करें तो लुटियंस दिल्ली भी इससे अछूती नहीं है। भीड़भाड़ वाले बाजारों में तो बुरा हाल है ही इसके अलावा बड़े-बड़े नेताओं के बंगलों के बाहर भी जाम लग रहा है।

    राजधानी के दक्षिणी से लेकर उत्तरी हिस्से और पूर्वी से लेकर पश्चिमी दिल्ली सभी दिशाओं के प्रमुख बाजारों के आसपास इलाके प्रभावित रहे। सबसे अधिक जाम बहादुरशाह जफर मार्ग, पीतमपुरा, लाल किला, कोतवाली, कश्मीरी गेट, वजीराबाद रोड, नजफगढ़, पीरागढ़ी, महरौली, छतरपुर, आनंद पर्वत, पहाड़गंज, कमला मार्केट, दरियागंज, दिल्ली गेट, आइटीओ, लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, मयूर विहार, धौला कुआं, आइजीआइ एयरपोर्ट, पंजाबी बाग, हजरत निजामुद्दीन रोड, शाहीन बाग, बदरपुर रोड, न्यू फ्रेंड्स कालोनी, सीमापुर, खजूरी खास रोड, सरिता विहार, एम्स रोड, तीन मूर्ति लेन, खान मार्केट, पृथ्वीराज रोड, जोर बाग, मोती बाग, रोहिणी और नरेला जैसे इलाकों में देखने को मिला।

    आइटीओ से एनसीआर के शहरों में जाने में छूट रहे पसीने

    - दिल्ली से नोएडा 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में जहां पहले आधे घंटे का समय लगता था। शुक्रवार को शाम के समय उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने में एक 45 मिनट से लेकर एक घंटे तक का समय लगा।
    - दिल्ली से फरीदाबाद 28 किलोमीटर का सफर तय करने में पहले जहां 45 मिनट लगते थे, शुक्रवार को शाम के समय लोगों को वाहनों के अधिक दबाव के चलते एक से डेढ़ घंटे सड़क पर ही बिताने पड़े।
    - वहीं दिल्ली से गुरुग्राम के बीच 32 किलोमीटर की दूरी तय करने में जहां एक घंटे का समय लगता था। शुक्रवार को शाम के समय उन्हें डेढ़ से दो घंटे का समय लगा।

    दिल्ली के मुख्य मार्ग पर सफर करना बना आफत

    रिंग रोड : मूलचंद से एम्स आने व जाने वाला 2.90 किमी लंबे मार्ग पर दिनभर जाम रहा। आम दिनों में इस मार्ग पर पांच से सात मिनट में दूरी तय होती थी, लेकिन शुक्रवार को जाम के चलते 30 से 35 मिनट में लोगों को सफर तय करना पड़ा। मूलचंद पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रही लेकिन फिर भी भारी यातायात दबाव के चलते व्यवस्था नाकाफी साबित हुई।

    लाल बहादुर शास्त्री मार्ग : मूलचंद से खानपुर आने व जाने वाला 8.70 किमी लंबे मार्ग पर वाहन दिनभर रेंगते रहे। इस मार्ग पर 20 से 25 मिनट में दूरी तय होती थी, लेकिन शुक्रवार को लोगों को यहां सफर तय करने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। चिराग दिल्ली, मूलचंद खानपुर के कई प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहे लेकिन वाहनों के दबाव के चलते बेबस नजर आए।
    आउटर रिंग रोड : नेहरू प्लेस से चिराग दिल्ली जाने व आने वाला 4.20 किमी लंबे मार्ग पर भी दिनभर वाहन चालक परेशान दिखे। पहले पांच से सात मिनट में तय होने वाली दूरी में शुक्रवार को 40 से 50 मिनट लगे। यहां सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर से ठीक पहले सड़क का संकरा होना भी जाम का प्रमुख कारण बना।
    महात्मा गांधी रोड : सराय काले खां से आश्रम आने वाले 3.6 किमी लंबे मार्ग पर भी दिनभर जाम देखने को मिला। दस मिनट में तय होने वाली दूरी को तय करने में शुक्रवार को 45 से 50 मिनट तक का समय लगा।

    लुटियंस दिल्ली में जाम से अछूति नहीं रही

    शुक्रवार को लुटियंस दिल्ली भी ट्रैफिक जाम से अछूती नहीं रही। सुबह से ही कई प्रमुख सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। आफिस समय में बढ़े वाहनों के दबाव और त्योहारों के चलते बाजारों में बढ़ी भीड़ के कारण स्थिति और बिगड़ गई। जनपथ, मिंटो रोड, अशोक रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग, कनाट प्लेस के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। यहां तक कि राजधानी के वीवीआइपी इलाके में भी बदइंतजामी देखी गई।

    150 रिजर्व फोर्स व स्थानीय पुलिस सड़कों पर तैनात

    धनतेरस पर भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए अधिक संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। साथ ही दोपहर तीन से देर रात तक 150 रिजर्व फाेर्स और स्थानीय पुलिसकर्मियों को भी सड़कों पर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए लगाया गया था। बावजूद इसके ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई नजर आई और लोग सड़कों पर यातायात प्रबंधन को कोसते दिखे।

    अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ करोलबाग जा रहा था। आइटीओ फ्लाईओवर से आगे बढ़ते ही जाम का ऐसा था कि दो घंटे में केवल छह किलोमीटर चल पाए। कार में बैठे-बैठे बच्चे परेशान हो गए। एसी बंद करना पड़ा क्योंकि गाड़ी बार-बार रुक रही थी और पेट्रोल की खपत बढ़ रही थी। - रोहित शर्मा, नोएडा

    धनतेरस पर इतनी भीड़ बाजारों में पहले कभी नहीं देखी। सरोजिनी नगर से लाजपत नगर की सिर्फ चार किलोमीटर की दूरी तय करने में डेढ़ घंटा लग गया। हर तरफ से गाड़ियां रेंग रही थीं, बीच में पैदल चलने वाले भी फंस गए थे। किसी को आगे बढ़ने की जगह नहीं मिल रही थी। ट्रैफिक पुलिस वाले खुद भी बेबस दिख रहे थे। - अनीता गुप्ता, लाजपत नगर