Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली: यमुना में नहाने उतरे चार युवक तेज बहाव में बहे, एक की मौत और तीन लापता

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 01:08 AM (IST)

    दिल्ली में यमुना के तेज बहाव में नहाने उतरे चार युवक बह गए, जिसमें एक की मौत हो गई और तीन लापता हैं। राहत व बचाव अभियान जारी है, पुलिस ने लोगों से यमु ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. यमुना में नहाते समय चार युवक तेज बहाव में फंसे।

    2. एक युवक सोनू की मौत, तीन अन्य लापता, तलाश जारी।

    3. पुलिस ने लोगों से यमुना में न उतरने की अपील की।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में यमुना का बढ़ता जलस्तर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोमवार शाम गीता कालोनी थाना क्षेत्र स्थित यमुना खादर में नहाने के लिए नदी में उतरे चार युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए।

    हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य देर रात तक लापता रहे। जलस्तर अधिक होने और तेज धारा के कारण राहत व बचाव अभियान लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है।

    शुरू हुआ संयुक्त सर्च ऑपरेशन

    वहीं लापता युवकों में 27 वर्षीय हेमंत, 32 वर्षीय राजन और 35 वर्षीय सचिन शामिल हैं। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, गीता कालोनी और गांधी नगर थाना पुलिस के साथ डिजास्टर मैनेजमेंट की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च आपरेशन शुरू किया।

    दमकल विभाग के अधिकारी देशपाल ने बताया कि शाम करीब 7:20 बजे यमुना खादर में कुछ युवकों के डूबने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद सोनू के शव को पानी से बाहर निकाल लिया, जबकि अन्य तीन युवकों की तलाश देर रात तक जारी रही।

    खबरें और भी

    तेज बहाव और नदी में बढ़े जलस्तर के कारण गोताखोरों को भी अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शराब के नशे में पानी में उतरे चोरों युवक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों युवक नदी किनारे शराब पी रहे थे।

    इसके बाद वे नहाने के लिए यमुना में उतर गए, लेकिन कुछ ही देर में गहरे पानी और तेज धारा में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव इतना तेज था कि सभी देखते ही देखते पानी में समा गए।

    पुलिस की लोगों से अपील

    पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के शराब पीने संबंधी बयानों की भी जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि इन दिनों यमुना का जलस्तर सामान्य से काफी अधिक है और नदी में उतरना बेहद जोखिम भरा है।

    थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि लापता तीनों युवकों की तलाश के लिए गोताखोरों का अभियान लगातार जारी है।

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के युवक की नोएडा में मौत: ATS हैमलेट सोसायटी के स्विमिंग पूल में डूबा, सीपीआर भी नहीं आया काम

    यह भी पढ़ें- आधे घंटे की बारिश में खुली प्रशासन के दावों की पोल, जलभराव से डूबा यमुनापार का इलाका