दिल्ली-NCR में बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम, चिलचिलाती गर्मी से लोगों को मिली राहत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे लोगों को भीषण ...और पढ़ें

दिल्ली-NCR में बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदला मौसम, तेज बारिश और ओलावृष्टि।
भीषण गर्मी से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट।
मंडियों में गेहूं और फसलों को नुकसान की आशंका।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
नोएडा, गाजियाबाद और नोएडा सहित एनसीआर के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी खबर है, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
फरीदाबाद में भी बुधवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली, शाम को आई आंधी, वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई। दिन में अधिक गर्मी नहीं थी। कभी धूप तो कभी बादल छा रहे थे।

शाम होते ही मौसम बिल्कुल बदल गया और आंधी चली। बादल गरजने के साथ झमाझम वर्षा भी हुई, इसके बाद ओलावृष्टि भी हो गई। इससे मंडियों में खुले में पड़े हुए गेहूं के कट्टों को काफी नुकसान होगा। साथ ही कई फसलों को भी नुकसान होने की आशंका है।

वर्षा से पहले आंधी की वजह से सड़कों किनारे कचरा पड़ा होने की वजह से वह उड़कर इधर से उधर गिर रहा था। धूल उड़ने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। दोपहिया वाहन चालकों को अपने वाहन संभालना मुश्किल हो रहा था। आंधी आते ही बिजली गुल हो गई थी।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में मौसम में यह बदलाव आया। अगले कुछ घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। दिनभर उमस और तेज गर्मी के बाद शाम को हुई बारिश ने लोगों को राहत दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।