IGI पर विमान टकराने मामले में DGCA की बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी से हटाए गए ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी और पायलट
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। टैक्सींग के दौरान स्पाइसजेट का विमान अकासा एयर के स्थिर विमान से ट ...और पढ़ें

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर गुरुवार को टर्मिनल-1 पर एक बड़ा हादसा टल गया। टैक्सींग के दौरान स्पाइसजेट का बोइंग 737-700 विमान (जो लेह से आया था) एक स्थिर खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गया।
इस मामले में जांच पूरी होने तक संबंधित एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी और स्पाइसजेट के पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। DGCA ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो सवा दो बजे स्पाइसजेट विमान के विंगटिप ने ग्राउंड मूवमेंट के दौरान अकासा एयर के स्थिर विमान के पंख को हल्के से छू गया। यह टक्कर बेहद हल्की थी, जिससे दोनों विमानों को मामूली नुकसान पहुंचा।
हैदराबाद रवाना होने वाली थी अकासा की फ्लाइट
अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी फ्लाइट QP 1406, जो दिल्ली से हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली थी, इस घटना के कारण 16 अप्रैल 2026 को वापस बे पर लौटानी पड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अकासा का विमान उस समय स्थिर था, तभी दूसरी एयरलाइन के विमान ने उससे संपर्क किया। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित उतार लिया गया है। साथ ही, ग्राउंड टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए और दोनों विमानों की जांच शुरू कर दी गई। प्रभावित विमानों को फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है ताकि विस्तृत तकनीकी जांच की जा सके।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे ग्राउंड मूवमेंट के दौरान समन्वय में कमी से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
उधर, स्पाइस जेट की ओर से बताया गया कि 16 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सींग के दौरान बी737-700 विमान एक ग्राउंड घटना का शिकार हो गया।
इस दौरान विमान के दाहिने विंगलेट को नुकसान पहुंचा, जबकि दूसरी एयरलाइन के विमान के बाएं हिस्से के हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी क्षति हुई। स्पाइसजेट के प्रवक्ता के अनुसार, इस घटना के बाद संबंधित विमान को दिल्ली में ही ग्राउंड कर दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।