सात राज्यों के 76 रेलवे स्टेशनों पर बनेगा होल्डिंग एरिया, नई दिल्ली स्टेशन पर मिली सफलता के चलते फैसला
त्योहारों में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए नई दिल्ली स्टेशन पर बने स्थायी होल्डिंग एरिया से मदद मिली। रेल मंत्रालय ने अब आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली समेत 76 स्टेशनों पर ऐसी सुविधाएं बनाने का फैसला किया है। यह निर्णय नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ के बाद लिया गया, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

दिल्ली में आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन, पुरानी दिल्ली और गाजियाबाद में भी उपलब्ध होगी सुविधा। आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। त्योहार के दिनों में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ संभालना रेलवे प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनने इस बार दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर होने वाली भीड़ को संभालने में मदद मिली।
अब राजधानी में स्थित आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली सहित देश के 76 बड़े रेलवे स्टेशनों पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने का निर्णय लिया गया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हमेशा यात्रियों की भीड़ रहती है। त्योहार और छुट्टी के दिनों में यात्रियों की संख्या अधिक बढ़ जाती है। त्योहार के समय प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाता था।
लेकिन, अन्य दिनों में भीड़ को संभालने की कोई व्यवस्था नहीं थी। प्रयागराज में कुंभ मेला के समय 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से 18 लोगों की मौत हो गई थी।
उसके बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने का निर्णय लिया गया। दीपावली से पहले यह बनकर तैयार हो गया जिसकी क्षमता लगभग सात हजार यात्रियों की हैं। इसमें अनारक्षित टिकट काउंटर, स्कैनिंग मशीन, शौचालय, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुनिधाएं हैं। इससे इस बार भीड़ प्रबंधन में मदद मिली।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसके परिणाम के आधार पर अन्य स्टेशनों पर इस तरह की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लेने की घोषणा की थी। उन्होंने अगले एक वर्ष में देश के 76 बड़े स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध कराने की निर्देश जारी किया है।
इन प्रमुख स्टेशनों पर बनेगा होल्डिंग एरिया
- दिल्ली : आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन, पुरानी दिल्ली
- उत्तर प्रदेश : गाजियाबाद, लुधियाना, लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या धाम, कानपुर, वीरांगना लक्ष्मी बाई झांसी, मथुरा, आगरा कैंट, गोरखपुर, बनारस, लखनऊ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन
- बिहार : पटना, दानापुर, मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा, छपरा, भागलपुर,
- झारखंड : रांची, टाटा
- जम्मू कश्मीर : जम्मूतवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा
- उत्तराखंड : हरिद्वार
- महाराष्ट्र : मुंबई सीएसएमटी, लोक मान्य तिलक टर्मिनल, मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनल
यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव में प्रचार सामग्री की मांग बढ़ी, दिल्ली का सदर बाजार बनेगा 1,000 करोड़ का कारोबार केंद्र

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।