MCD Bypolls: दिल्ली नगर निगम की इन 12 सीटों पर 30 नंवबर को होंगे उपचुनाव, 3 दिसंबर को आएंगे नतीजे
दिल्ली नगर निगम की 12 वार्डों में 30 नवंबर को उपचुनाव होंगे और इसके परिणाम 3 दिसंबर को घोषित होंगे। 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इन उपचुनावों से दिल्ली का राजनीतिक परिदृश्य बदल सकता है। यह चुनाव आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं।

दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के लिए तारीख का एलान हुआ। (सांकेतिक तस्वीर)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिए तारीख का एलान हो गया है। दिल्ली चुनाव आयोग ने मंगलवार को 12 नगर पार्षदों के रिक्त पदों को भरने के लिए एमसीडी उपचुनाव की तिथि घोषित कर अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत सभी 12 वार्डों पर 30 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी और इसी दिन नतीजे आएंगे।
दिल्ली चुनाव आयोग के मुताबिक, नामांकन प्रक्रिया तीन नवंबर से शुरू होगी और दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर होगी। इसके अलावा नामांकन पत्रों की जांच 12 नवंबर को होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 15 नवंबर होगी। 30 नवंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मतदान होगा।
कहां-कहां होगा उपचुनाव?
मुंडका, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका-बी, दिचाऊं कलां, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिण पुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर वार्ड में एमसीडी के उपचुनाव होंगे।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहले पार्षद के रूप में शालीमार बाग-बी वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वहीं, द्वारका-बी वार्ड भाजपा पार्षद कमलजीत सहरावत के पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से निर्वाचित होने के बाद खाली हुआ था। इसके अलावा बाकी वार्ड बीजेपी और आप के मौजूदा पार्षदों द्वारा फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने और विधायक बनने के बाद खाली हुए थे।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- निगम उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा ने कमर कसी, वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जाएंगी जिम्मेदारियां
यह भी पढ़ें- पुरानी सरकार के चिंटू-मिंटू के पास अब काम नहीं: रेखा गुप्ता; AAP के तंज पर सीएम का करारा जवाब

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।