'कांग्रेस ने देश की हर माता का अपमान किया', भाजपा ने खजूरी चौक पर किया प्रदर्शन
भाजपा के उत्तर पूर्वी जिला दल ने खजूरी चौक पर कांग्रेस के विरोध में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल के कारण किया गया। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने हर माता का अपमान किया है जिसे देश माफ नहीं करेगा। जिलाध्यक्ष डा. यूके चौधरी ने कांग्रेसियों को जेल भेजने की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। बिहार में वोटर अधिकार यात्रा में प्रधानमंत्री और उनकी मां के लिए अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल पर भाजपा के उत्तर पूर्वी जिले की टीम ने बुधवार को खजूरी चौक पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष डा. यूके चौधरी की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी का पुतला फूंका गया। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री हमारे प्रधानसेवक हैं। कांग्रेस के भ्रष्ट नकारात्मक सोच के नेताओं ने प्रधानमंत्री की मां के बारे में अपशब्द कहकर देश की हर माता का अपमान किया है। देश का हर नागरिक कांग्रेस और उनके साथी दलों को माफ नहीं करेगा। वह आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर भी बरसे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि देश की गरिमा, अस्मिता व नारी के सम्मान के विरुद्ध बोलना कांग्रेस की मंशा रहती है। प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने कहा कि कांग्रेस अराजकता फैलाने का काम करती है और साथी दलों के साथ मिलकर सस्ती राजनीति करने में माहिर है।
प्रधानमंत्री की मां हमारी मां है और इनके सस्ते नेता जो माताओं को गाली देते हैं, उनको देश माफ नहीं करेगा। जिलाध्यक्ष डा. यूके चौधरी ने कहा कि जिले में कांग्रेस के विरुद्ध प्रदर्शन जारी रहेगा। मंडल और बूथ स्तर तक प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द कहने वाले कांग्रेसियों को जेल पंहुचाएंगे। घोंडा विधायक अजय महावर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में राहुल गांधी का पुतला फूंक कर कांग्रेस पार्टी की बुद्धि को दुरुस्त करेंगे। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष महक सिंह, राज कुमार बल्लन, मोहन गोयल, पूनम चौहान, पार्षद प्रमोद गुप्ता, सत्यपाल सिंह, रेखा रानी, भाजपा नेता आनंद त्रिवेदी, मीडिया प्रभारी दीपक चौहान आदि शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।