Move to Jagran APP

'...तो मुफ्त बिजली-पानी की सुविधा हो जाएगी बंद', CM आतिशी के दावे पर सियासी सरगर्मियां तेज

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने हरिनगर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा की और लोगों से अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल को वोट नहीं दिया गया तो अच्छे स्कूल-अस्पताल बनने बंद हो जाएंगे मुफ्त बिजली-पानी बंद हो जाएगा और महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त बस यात्रा भी बंद हो जाएगी। उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला।

By Gautam Kumar Mishra Edited By: Sonu Suman Updated: Mon, 28 Oct 2024 10:54 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली चुनाव से पहले CM आतिशी के दावे पर सियासी सरगर्मियां तेज।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। प्रदेश की मुख्यमंत्री आतिशी आज पदयात्रा के सिलसिले में हरिनगर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। क्षेत्रीय विधायक राजकुमारी ढिल्लो व आप के अन्य नेताओं के साथ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संजोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संदेश सुनाया और आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

लोगों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को वोट नहीं दिया और कोई दूसरी सरकार आई तो अच्छे स्कूल-अस्पताल बनने बंद हो जाएंगे, जो मुफ्त बिजली-पानी मिल रही है वो बंद हो जाएगी। महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त बस यात्रा बंद हो जाएगी। बुजुर्गों को मिलने वाली मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा बंद हो जाएगी।

सीएम आतिशी ने साधा बीजेपी पर निशाना

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो सालों से केंद सरकार ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों को जेल में डाला। दिल्लीवालों को 24 घंटे मुफ्त बिजली देने वाले सत्येंद्र जैन को जेल में डाला। दिल्ली के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने वाले मनीष सिसोदिया को जेल में डाला।

भाजपा ने षडयंत्र रचा और केजरीवाल को जेल भेजा: आतिशी

उन्होंने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल ने जनता से जुड़े काम नहीं रुकने दिए तो भाजपा ने षडयंत्र रचा और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल को गंभीर डायबटीज है। उन्हें दिन में चार बार इन्सुलिन का इंजेक्शन लगता है। लेकिन भाजपा ने गंदी राजनीति की और जेल में उनकी दवाइयां, उनके इंजेक्शन रोक दिए। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल को जेल में इसलिए डाला क्योंकि भाजपा दिल्ली के काम रोकना चाहती है।

दिल्लीवालों के सारे रुके काम फिर से शुरू: आतिशी

उन्होंने कहा कि पहले सरकारी स्कूल जो जर्जर हाल में होते थे। स्कूल में टीचर नहीं होते थे, बच्चों के लिए टेबल-कुर्सी नहीं होती थी उन स्कूलों को अरविंद केजरीवाल ने प्राइवेट स्कूलों से भी शानदार बनाकर दिखाया इसलिए अरविंद केजरीवाल जी को भाजपा ने जेल में डाला। लेकिन अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने से दिल्लीवालों के सारे रुके काम फिर से शुरू हो गए।

यह भी पढ़ेंः 'CM आवास के बाहर फेंक दूंगी सीवर का पानी', जानिए क्यों आगबबूला हुईं स्वाति मालीवाल

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।