दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्यों को मिलेगी गति, इन बुनियादी ढांचे में होगा सुधार
दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तेज़ी से काम किया जाएगा। इसके लिए 39 नए टेंडर जारी किए गए हैं जिनके तहत सड़कें गलियां नालियां और सीवर बनाए जाएंगे। दिल्ली में 1700 से ज़्यादा ऐसी कॉलोनियां हैं जहाँ लोगों को बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है। सरकार ने अब दिल्ली नगर निगम को भी विकास कार्यों की मंज़ूरी दे दी है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। अनधिकृत कॉलोनियों में नागरिक सुविधाएं मुहैया कराने के काम में अब तेजी लाई जाएगी। इसी सिलसिले में इन कॉलोनियों में विकास कार्यों के लिए एक साथ 39 टेंडर जारी किए गए हैं। इनके तहत इन कॉलोनियों में सड़कें, गलियां, नालियां और सीवर बनाने का काम किया जाना है।
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि काम के साथ-साथ गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। भाजपा सत्ता में वापसी के लिए अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों के योगदान को भी अहम मान रही है। इन कॉलोनियों में मुस्तफाबाद, करावल नगर, शिव विहार, गांधी नगर, बादली समेत कई अन्य कॉलोनियां शामिल हैं।
दिल्ली में 1700 से ज्यादा अनधिकृत कॉलोनियां हैं, जहां लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इनमें पेयजल, सीवर लाइन और सड़कों व गलियों का निर्माण शामिल है। ऐसी कई कॉलोनियों में गंदे पानी की निकासी एक बड़ी समस्या बनी हुई है।
कई कॉलोनियों में तो अभी तक मुख्य नालियां भी नहीं बनी हैं। गलियों और नालियों का भी भारी अभाव है। दिल्ली के सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाकों में करावल नगर, मुस्तफ़ाबाद, नजफ़गढ़, पालम, किराड़ी और छतरपुर शामिल हैं, जहाँ अनधिकृत कॉलोनियाँ ज़्यादा हैं।
करावल नगर और मुस्तफाबाद में एक भी स्वीकृत कॉलोनी नहीं है। नजफ़गढ़ में 172 अनधिकृत कॉलोनियाँ हैं। इसके बाद उत्तम नगर आता है, जहाँ 136 कॉलोनियां हैं। इतना ही नहीं, किराड़ी में 105, पालम में 49 और छतरपुर में 75 अवैध कॉलोनियां हैं। यहां सरकारी धन केवल सड़कें, गलियां और नालियां बनाने पर ही खर्च किया जा सकता है।
पिछले कई सालों से दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) इन कॉलोनियों में काम करवा रहा था। अब सरकार ने दिल्ली नगर निगम को भी इन कॉलोनियों में काम करवाने की मंज़ूरी दे दी है। माना जा रहा है कि एक से ज़्यादा एजेंसी होने से काम तेज़ी से हो पाएगा।
कॉलोनियों में नालियों और सड़कों का निर्माण
शिव विहार फेज एक, दो और नौ, स्कूल ब्लॉक मंडावली फाजलपुर एक्सटेंशन, नेहरू विहार करावल नगर, मुस्तफाबाद के रोशन विहार, शक्ति विहार करावल नगर, अंबिका विहार, मुकुंद विहार, अंकुर एन्क्लेव एक्सटेंशन, कृष्णा नगर के कांति नगर एक्सटेंशन, शांति मोहल्ला एक्सटेंशन, गांधीनगर के पूर्वी आजाद नगर, बादली के जीवन पार्क, घोंडा और नरेला स्वतंत्रता विहार, राजीव नगर और जहांगीरपुरी के बेगमपुर एक्सटेंशन आदि में सड़कें और नालियां बनाई जाएंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।