Delhi Flood Alert: डूबेगी दिल्ली! शहर में बाढ़ की चेतावनी, यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
हथिनी कुंड से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। वजीराबाद बैराज से भी पानी छोड़ा जा रहा है जिससे जलस्तर में वृद्धि हो रही है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। हथिनी कुंड से अधिक पानी छोड़े जाने से दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली में लोहा पुल के पास यमुना का जलस्तर बुधवार रात खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। इसके और बढ़ने की आशंका है।
हरियाणा के हथिनी कुंड से पिछले दो दिनों से प्रति घंटे 50 हजार से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसका असर दिल्ली में देखने को मिल रहा है। हरियाणा से अधिक पानी आने के कारण वजीराबाद बैराज से पहले की तुलना में अधिक पानी छोड़ा जा रहा है।
रात नौ बजे वजीराबाद बैराज से 56 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे लोहा पुल के पास जलस्तर 205.39 मीटर पर पहुंच गया। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हथिनी कुंड से अभी और पानी छोड़ा जा रहा है।
अगर दिल्ली में यमुना का जलस्तर 206 मीटर पर पहुंच जाता है तो निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत शिविरों में भेजना पड़ेगा। लगभग 2500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना होगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियाँ कर ली गई हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।