Delhi Weather: शाम की झमाझम ने उमस से दी राहत, दिल्ली में हुई 35.6 मिमी बारिश
शनिवार को दिल्ली में उमस के बीच बादल छाए रहे और शाम को अचानक हुई तेज बारिश ने मौसम बदल दिया। अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में 35.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की या मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार को उमस के बीच दिनभर बादलों की लुकाछिपी ने लोगों को खूब ललचाया। शाम अचानक हुई तेज वर्षा ने जहां मौसम बदल दिया, वहीं लोगों को राहत भी दी। अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग एक डिग्री अधिक 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसकी वजह से उमस की स्थिति बनी।
वहीं शाम को हुई वर्षा के चलते न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। यह 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे तक दिल्ली में 35.6 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की या मध्यम वर्षा के साथ ही कुछ स्थानों पर तीव्र वर्षा की संभावना जताई है।
विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक सफदरजंग स्टेशन पर जहां 35.6 मिमी वर्षा हुई। वहीं लोधी रोड पर 27, पूसा पर 25.5 और पालम पर 24.9 मिलीमीटर वर्षा हुई। मानसून में वर्षा का क्रम जारी रहने से वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) में भी सुधार हुआ है।
यह लगातार संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ है। 23 अगस्त को अधिकतम आर्द्रता 100 व न्यूनतम 65 प्रतिशत रहने का अनुमान है। सीपीसीबी के मुताबिक आलीपुर में एक्यूआइ 76, आया नगर में 66, नरेला में 102 और विवेक विहार में 85 दर्ज किया गया। अगले चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा के अनुमान के बीच फिलहाल वायु गुणवत्ता के संतोषजनक बने रहने का अनुमान है।
विभिन्न स्टेशनों पर हुई वर्षा का विवरण
- सफदरजंग- 35.6
- पालम- 24.9
- लोधी रोड- 27
- रिज- 9.6
- आया नगर- 3.4
- प्रगति मैदान- 21.7
- पूसा- 25.5
- मयूर विहार- 23
- नजफगढ़- 13
- जनकपुरी- 8.5
(नोट- सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे तक वर्षा मिलीमीटर में।)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।